Breaking Newsउत्तराखंड
Trending

बारातियों से भरी स्कॉर्पियो खाई में गिरी, तीन की मौत दो घायल

टिहरी में पावकी देवी मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा

टिहरी : टिहरी जिले के पावकी देवी मार्ग पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां मातम में बदल दीं। बारातियों से भरी एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर करीब 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

 शादी समारोह में जा रहे थे सभी युवक

जानकारी के अनुसार, सभी युवक श्यामपुर (ऋषिकेश) के रहने वाले थे। वे एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए ग्राम नाई, पावकी देवी जा रहे थे। रास्ते में नाई के पास अचानक एक मोड़ पर चालक का वाहन पर नियंत्रण हट गया और स्कॉर्पियो गहरी खाई में लुढ़क गई।

हादसे की सूचना मिलते ही गूलर पुलिस चौकी ने एसडीआरएफ पोस्ट व्यासी को सूचित किया। उप निरीक्षक सावर सिंह के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम रात में ही मौके के लिए रवाना हुई। अंधेरा और ऊबड़-खाबड़ इलाका होने के बावजूद टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों और मृतकों को खाई से बाहर निकाला। रेस्क्यू अभियान पूरी रात चलता रहा।

हादसे में मृतक 

  • विमल कण्डियाल (31 वर्ष)
  • राहुल कलुड़ा (23 वर्ष)
  • आशिष कलुड़ा (26 वर्ष)

(सभी निवासी श्यामपुर, ऋषिकेश)

घायल

  • निखिल रमोला (21 वर्ष)
  • तनुज पुंडीर (26 वर्ष)

(दोनों निवासी श्यामपुर, ऋषिकेश)

एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों ने मिलकर दोनों घायलों को स्ट्रेचर से सड़क तक पहुंचाया और अस्पताल भेजा। शव जिला पुलिस को सौंप दिए गए। हादसे के बाद श्यामपुर और पावकी देवी दोनों क्षेत्रों में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने प्रशासन पर नाराजगी जताते हुए मांग की है कि मार्ग पर जल्द से जल्द गार्ड रेल और सोलर लाइटें लगाई जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की त्रासदी दोबारा न हो।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button