
देहरादून। देर रात थाना डोईवाला क्षेत्र के लालतप्पड़ में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। सघन चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों को पैर में गोली लगी जिन्हें जौलीग्रांट हॉस्पिटल भेजा गया है।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मुठभेड़ में घायल दोनों बदमाश वही हैं जिन्होंने कुछ दिन पहले दून अस्पताल के बाहर गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया था। इनकी पहचान सोहल खान और शानू पुत्र नौशाद के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ कोतवाली नगर, देहरादून में हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज है।
तीसरा बदमाश जंगल में फरार, सर्च ऑपरेशन जारी
पुलिस के अनुसार मुठभेड़ के दौरान एक अन्य बदमाश लालतप्पड़ के जंगल की ओर फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। मुठभेड़ की जानकारी पर एसएसपी देहरादून अजय सिंह देर रात ही मौके पर पहुंचे और पूरी कार्रवाई का निरीक्षण किया। बाद में वे जौलीग्रांट हॉस्पिटल पहुंचे, जहां घायल बदमाशों का उपचार चल रहा है।
हथियार और स्कूटी बरामद
पुलिस टीम को मौके से दो तमंचे, जिंदा और खोखा राउंड, तथा एक स्कूटी बरामद हुई है।
घायल बदमाश बोले – “अब नहीं करेंगे साहब…”
इलाज के दौरान दोनों घायल बदमाशों ने कहा – “अब नहीं करेंगे साहब, अब नहीं करेंगे…” पुलिस फिलहाल उनसे पूछताछ में जुटी है।



