Breaking Newsउत्तराखंडधर्म/संस्कृति
Trending

प्रेमनगर में 11000 कन्याओं का पूजन : CM धामी ने लिया आशीर्वाद, मंदिर से गुरुद्वारे तक श्रद्धा का संगम

देहरादून। चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर मंगलवार को प्रेमनगर स्थित सनातन धर्म मंदिर परिसर में भव्य सामूहिक कन्या पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सहभागिता करते हुए 11000 कन्याओं का विधिवत पूजन कर उनका आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कन्याएं उत्साहपूर्वक शामिल हुईं और पूरा परिसर भक्ति और श्रद्धा से सराबोर नजर आया।

मुख्यमंत्री के पहुंचने पर विधायक सविता कपूर, भाजपा महानगर अध्यक्ष उमेश अग्रवाल, विधायक प्रतिनिधि विक्की खन्ना, प्रेमनगर व्यापार मंडल के प्रधान भूषण भाटिया और नामित सदस्य विनोद पवार सहित कई जनप्रतिनिधियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। पुष्प वर्षा के बीच मुख्यमंत्री ने कन्याओं का पूजन किया और इसे अपना सौभाग्य बताया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को चैत्र नवरात्र की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व केवल आस्था का नहीं, बल्कि श्रद्धा, भक्ति और संस्कारों के माध्यम से शक्ति उपासना का महापर्व है। उन्होंने कहा कि कन्या पूजन हमारी सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो समाज में सेवा, करुणा और नारी सम्मान का संदेश देता है।

उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संस्कृति में कन्या को साक्षात देवी का स्वरूप माना गया है। बेटियां अपने संस्कार, स्नेह और त्याग से परिवार और समाज को सशक्त बनाती हैं। उन्होंने समाज से हर बेटी की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकारें बेटियों के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। उत्तराखण्ड में छात्रवृत्ति, कक्षा 9 में प्रवेश पर साइकिल वितरण, 12वीं उत्तीर्ण करने पर प्रोत्साहन राशि और सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण जैसी योजनाएं लागू की गई हैं।

उन्होंने जानकारी दी कि पंजीकृत निर्माण श्रमिकों की बेटियों के सामूहिक विवाह हेतु 61 हजार रुपये और व्यक्तिगत विवाह के लिए 55 हजार रुपये तक की सहायता दी जा रही है। साथ ही अनुसूचित जाति, जनजाति और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को विवाह के लिए 50 हजार रुपये तक का अनुदान भी प्रदान किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने नंदा गौरा योजना, गौरा देवी कन्याधन योजना, मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट योजना और पोषाहार योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार बेटियों के जन्म से लेकर शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार तक हर स्तर पर उनके सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में मुख्यमंत्री का स्वागत मंदिर प्रधान सुभाष माकिन, महासचिव अवतार कृष्ण कौल, लायन राजेश भाटिया, कैंट बोर्ड उपाध्यक्ष विनोद पंवार और मुख्य पुजारी कृष्ण प्रसाद ने किया।

इसके बाद मुख्यमंत्री प्रेमनगर स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा पहुंचे, जहां गुरुद्वारा प्रधान भगत पाल सिंह ने उनका स्वागत किया। इस दौरान गुरुद्वारा कमेटी द्वारा मुख्यमंत्री को सरोपा, प्रतीक चिन्ह और तलवार भेंट की गई। मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारे में माथा टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद:

भाजपा नेता बृजेंद्र थपलियाल, महावीर सेवा समिति के प्रधान रविंद्र मांकिन, मंदिर मीडिया प्रभारी रवि भाटिया, पुलकित मैनी, संजय भाटिया, विनय गोयल, राहुल चौहान, जगदीश गिरोटी, शिवानी भाटिया, पारुल विश्नोई, गुलशन माकिन, स्पर्श तलवार, पुनीत सहगल, फकीरचंद, जतिन तलवार, मनोज बहल, शरणजीत सिंह, कीमत गुलाटी, अर्जुन कोहली, मनु भाटिया, सतपाल चावला, अनीता मैनी, बॉबी भाटिया, संजय अरोड़ा, पूनम माटा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक रहा, बल्कि समाज में नारी सम्मान और बेटियों के सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का एक सशक्त माध्यम भी बना।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button