
हरिसिमरन सिंह ने डॉ. भारत कुमार सिंघल की पुस्तक का किया विमोचन, नशामुक्त देहरादून अभियान पर दिया जोर
देहरादून। देहरादून साइक्लिंग क्लब के अध्यक्ष हरिसिमरन सिंह ने डॉ. भारत कुमार सिंघल द्वारा लिखित एवं संपादित पुस्तक Emerging Trends in Multidisciplinary Research and Innovation का विमोचन किया। रेडशाइन पब्लिकेशन प्राइवेट लिमिटेड की ओर से अगस्त 2026 में प्रकाशित इस पुस्तक में शोध और नवाचार से जुड़े विभिन्न विषयों को शामिल किया गया है।
पुस्तक में डॉ. सिंघल ने सह-संपादक के साथ अध्याय लेखक के रूप में भी योगदान दिया है। इसके छठे अध्याय में किशोरों के सोशल मीडिया उपयोग और नींद की गुणवत्ता के बीच संबंधों की समीक्षा की गई है। इसमें बताया गया है कि सोशल मीडिया का अत्यधिक और अनियंत्रित इस्तेमाल किशोरों की नींद, सोने के समय और मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकता है। अध्याय में डिजिटल माध्यमों के संतुलित उपयोग और बेहतर नींद की आदतों के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया है।इसमें सोशल मीडिया के अत्यधिक इस्तेमाल से नींद और मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों को रेखांकित किया गया है।
इस अवसर पर हरिसिमरन सिंह ने डॉ. सिंघल को उनकी शैक्षणिक उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने युवाओं में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता, तनाव प्रबंधन और नशामुक्ति अभियान को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखकर और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़कर स्वस्थ समाज का निर्माण किया जा सकता है।



