दून में चोरी की हैरान करने वाली वारदात, चार दिन तक हॉस्टल लूटते रहे चोर, किसी को नहीं हुआ शक

30 लाख का सामान चोरी, बेड-अलमारी ही नहीं दरवाजे और बाथरूम की टोंटियां भी उखाड़ ले गए, पुलिस ने शुरू की तलाश
देहरादून। शातिरों ने चोरी का ऐसा तरीका अपनाया कि दिनदहाड़े सामान ढोते रहे और किसी को शक तक नहीं हुआ। बंद पड़े एक हॉस्टल को निशाना बनाकर चोर चार दिन तक वहां से सामान निकालते रहे। पड़ोसियों के सवाल करने पर खुद को नया मालिक बताकर कथित फर्जी एग्रीमेंट दिखा दिया। जब हॉस्टल संचालक मौके पर पहुंचे तो वहां से करीब 30 लाख रुपये का सामान गायब था।
मामला बिधौली क्षेत्र का है। अधिवक्ता रजत दुआ का 30 कमरों वाला हॉस्टल लंबे समय से बंद था। इस दौरान केयरटेकर भी छुट्टी पर था। इसी का फायदा उठाकर आरोपियों ने चार से सात अक्टूबर के बीच वारदात को अंजाम दिया। वे गाड़ियों में सामान भरकर ले जाते रहे।
दरवाजे, खिड़कियां और नल तक उखाड़े
सामान ले जाते और तोड़फोड़ करते देख पड़ोसियों ने सवाल किए तो आरोपियों ने खुद को हॉस्टल का नया मालिक बताया। उन्होंने खरीद-फरोख्त का कथित फर्जी एग्रीमेंट भी दिखाया, जिससे पड़ोसियों को शक नहीं हुआ।
नौ अक्टूबर को हॉस्टल संचालक रजत दुआ पहुंचे तो चोरी का खुलासा हुआ। हॉस्टल से 70 बेड, 32 गीजर, 35 अलमारियां, दो डीप फ्रीजर और छह गैस सिलेंडर गायब मिले। चोर 20 दरवाजे उखाड़ ले गए। खिड़कियों के चैनल और बाथरूम की टोंटियां व शावर भी नहीं छोड़े। चोरी गए सामान की कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई है।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
एसपी सिटी शेखर सुयाल के मुताबिक, मामले में चोरी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



