
नार्को टेस्ट से पहले उर्मिला का बड़ा आरोप, स्कॉर्पियो और 25 लाख रुपये का दिया गया ऑफर
सीबीआई कोर्ट ने उर्मिला सनावर के नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट को दी मंजूरी
गुजरात के गांधीनगर में होगा परीक्षण; दर्शन भारती ने आरोपों को बताया निराधार
देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े कथित वीआईपी ऑडियो मामले में अभिनेत्री उर्मिला सनावर के नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट का रास्ता साफ हो गया है। शुक्रवार को देहरादून की सीबीआई कोर्ट ने उनके टेस्ट कराने के आदेश दिए। यह परीक्षण गुजरात के गांधीनगर में कराया जाएगा। हालांकि, पॉलीग्राफ टेस्ट की तारीख अभी निर्धारित नहीं हुई है। इससे पहले उर्मिला का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा।
कोर्ट में पेशी के दौरान उर्मिला सनावर ने एक बार फिर कई सनसनीखेज आरोप लगाकर मामले को नया मोड़ दे दिया। उन्होंने दावा किया कि नार्को टेस्ट में शामिल होने से रोकने के लिए उन्हें स्कॉर्पियो गाड़ी और 25 लाख रुपये देने का प्रस्ताव दिया गया था। उर्मिला ने इस कथित पेशकश के लिए दर्शन भारती उर्फ डीएस रावत का नाम लिया।
उर्मिला के मुताबिक, उन्हें रात में फोन कर स्कॉर्पियो और 25 लाख रुपये का प्रलोभन दिया गया और 26 तारीख को नार्को टेस्ट के लिए नहीं पहुंचने को कहा गया। उन्होंने दावा किया कि जब उन्होंने टेस्ट में शामिल होने और पुलिस को बयान देने की बात कही तो उन्हें रोकने के लिए उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गई।
नीलम हत्याकांड का भी किया जिक्र
उर्मिला ने अपने बयान में नीलम हत्याकांड का भी जिक्र किया। उनका दावा है कि नार्को टेस्ट होने पर अंकिता भंडारी हत्याकांड के साथ ही नीलम हत्याकांड से जुड़े कई राज भी सामने आ सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में प्रभावशाली लोग शामिल हैं और इसी वजह से उन्हें टेस्ट में शामिल होने से रोकने की कोशिश की जा रही है। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
उन्होंने भाजपा में गुटबाजी का जिक्र करते हुए हरिद्वार से जुड़े कुछ लोगों पर भी निशाना साधा। साथ ही हरिद्वार पुलिस पर घर के आसपास सीसीटीवी बंद कराने, फोन रीसेट करने और पूछताछ के दौरान दबाव बनाने जैसे गंभीर आरोप लगाए।
दर्शन भारती ने आरोपों को बताया निराधार
दूसरी ओर, दर्शन भारती ने उर्मिला सनावर के आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद और निराधार बताया है। उनका कहना है कि पहले उर्मिला ने 50 करोड़ रुपये की बात कही थी और अब स्कॉर्पियो तथा 25 लाख रुपये के आरोप लगा रही हैं। दर्शन भारती के अनुसार, उर्मिला मीडिया में बने रहने के लिए इस तरह के बयान दे रही हैं।
गौरतलब है कि उर्मिला सनावर को 25 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया था। दो मुकदमों में जमानत मिलने के बाद 6 नवंबर को वह हरिद्वार जिला जेल से रिहा हुई थीं।
अब गांधीनगर में होने वाले नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट पर सबकी निगाहें टिकी हैं। इस मामले में सामने आ रहे दावों और आरोपों के बीच जांच की अगली कार्रवाई बेहद अहम मानी जा रही है।



