गौचर मेले में कीर्ति नवानी को मिला शिक्षा एवं साहित्य सम्मान

विनसर पब्लिकेशन के संस्थापक कीर्ति नवानी को मिला प्रतिष्ठित महेशानंद नौटियाल सम्मान
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिक्षा, साहित्य और प्रकाशन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए किया सम्मानित
देहरादून। उत्तराखंड में शिक्षा, साहित्य और प्रकाशन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए विनसर पब्लिकेशन के संस्थापक कीर्ति नवानी को प्रतिष्ठित ‘पंडित महेशानंद नौटियाल शिक्षा एवं साहित्य प्रसार सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया। शनिवार को चमोली जिले में शुरू हुए ऐतिहासिक 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें सम्मान प्रदान किया।
कीर्ति नवानी को यह सम्मान उत्तराखंड में शिक्षा के प्रसार, साहित्यिक गतिविधियों को प्रोत्साहन देने और प्रकाशन के क्षेत्र में उनके निरंतर योगदान के लिए दिया गया है। विनसर पब्लिकेशन लंबे समय से प्रदेश की साहित्यिक और शैक्षिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
समारोह में चमोली के वरिष्ठ पत्रकार ललित प्रसाद लखेड़ा को भी पत्रकारिता एवं साहित्य के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए ‘गोविंद प्रसाद नौटियाल स्मृति सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया।
गौरतलब है कि गौचर मेले की शुरुआत करीब 73 वर्ष पूर्व प्रख्यात पत्रकार गोविंद प्रसाद नौटियाल ने स्थानीय लोगों के सहयोग से की थी। समय के साथ यह मेला प्रदेश के प्रमुख आयोजनों में शामिल हो गया है। मेले के उद्घाटन अवसर पर साहित्य और पत्रकारिता से जुड़ी विभूतियों को सम्मानित करने की परंपरा भी निभाई जाती है।
शनिवार से शुरू हुआ यह ऐतिहासिक मेला आगामी 20 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। मेले में औद्योगिक विकास, स्थानीय संस्कृति, लोक परंपराओं और साहित्यिक गतिविधियों की झलक देखने को मिलेगी।



