
देहरादून, 25 अगस्त : एक दिल दहला देने वाला मामला राजधानी देहरादून से सामने आया है, जहां एक विधवा मां ने अपने ही बेटों के अत्याचार से परेशान होकर जिलाधिकारी से इंसाफ की गुहार लगाई। महिला विजय लक्ष्मी पंवार ने जिलाधिकारी सविन बंसल को बताया कि उनके दोनों नशे की गिरफ्त में डूबे बेटे पैसों के लिए आए दिन मारपीट और प्रताड़ना करते हैं। पीड़ित मां ने आशंका जताई कि कभी भी उसके बेटे उसे जान से मार सकते हैं।
महिला की पीड़ा सुनकर जिलाधिकारी सविन बंसल ने तत्काल मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए कार्रवाई की। उन्होंने दोनों बेटों पर सीधे गुंडा एक्ट के तहत केस दर्ज करने का आदेश दिया। साथ ही इस पूरे मामले की गोपनीय जांच भी कराई गई।
जांच में सामने आया कि दोनों बेटे—शुभम पंवार और एक अन्य—अपनी मां पर अत्याचार करते रहे हैं और उसे जान से मारने की धमकी भी देते रहे हैं। पड़ोसियों ने भी महिला की दर्दभरी दास्तान की पुष्टि की।
जिलाधिकारी ने 24 घंटे के भीतर दोनों बेटों को नोटिस जारी कर 26 अगस्त को सुबह 10:30 बजे कोर्ट में पेश होकर अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया है। डीएम ने इस मामले को ‘फास्ट ट्रैक’ श्रेणी में डालते हुए आश्वासन दिया है कि पीड़ित महिला को हर हाल में सुरक्षा और न्याय दिलाया जाएगा।



