एयरफोर्स करेगी चिन्यालीसौड़ और गौचर एयरपोर्ट का संचालन
सीमांत क्षेत्रों में हवाई संपर्क मजबूत करने की बड़ी पहल

आपदा प्रबंधन और पर्यटन को मिलेगा सीधा लाभ
देहरादून, 25 अगस्त : उत्तराखंड सरकार ने चिन्यालीसौड़ (उत्तरकाशी) और गौचर (चमोली) की हवाई पट्टियों का संचालन अब भारतीय वायुसेना को सौंपने का निर्णय लिया है। वहीं पिथौरागढ़ हवाई अड्डे का संचालन एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा किया जाएगा। पिथौरागढ़ एयरपोर्ट के विस्तार पर कार्य जल्द शुरू होने वाला है, जिसमें लगभग 450 करोड़ रुपये खर्च किए जाने की योजना है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सीमांत क्षेत्र होने के कारण हवाई संपर्क का विस्तार बेहद आवश्यक है। इससे न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि आपदा और सामरिक दृष्टिकोण से भी राहत-बचाव कार्य और हेली कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
वायुसेना को चिन्यालीसौड़ और गौचर एयरपोर्ट्स का संचालन सौंपे जाने से इन हवाई पट्टियों का उपयोग सामरिक अभ्यास और आपातकालीन सेवाओं दोनों के लिए प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।




