Breaking Newsउत्तराखंड
Trending

खाई में गिरी बोलेरो, एक ही परिवार के छह की मौत, एक किशोर घायल

हरिद्वार के एक ही परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, एसडीआरएफ और पुलिस ने चलाया राहत-बचाव अभियान 

देहरादून। उत्तराखंड में एक बार फिर तेज रफ्तार और पहाड़ी मार्गों पर लापरवाही ने बड़ा हादसा कर दिया। पौड़ी गढ़वाल जिले के देवप्रयाग क्षेत्र में शुक्रवार को डंपिंग जोन के समीप एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक 16 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव कार्य के लिए एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं।

जानकारी के अनुसार दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की श्रीनगर पोस्ट से निरीक्षक मंजरी नेगी के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम अत्याधुनिक उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंची। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और गहरी खाई के बावजूद जवानों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने खाई में गिरे वाहन तक पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया।

हादसे में घायल 16 वर्षीय अरमान पुत्र अफजाल, निवासी रायपुर जीतपुर, हरिद्वार को गंभीर हालत में बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं वाहन में सवार छह लोगों के शव बरामद किए गए। इनमें से दो शवों को खाई से बाहर निकाल लिया गया है, जबकि अन्य शवों को निकालने का कार्य देर शाम तक जारी रहा।

मृतकों की पहचान अफजाल (49 वर्ष) पुत्र अकबर सूफी, गुफरान (34 वर्ष) पुत्र अकबर, सब्बू (40 वर्ष) पत्नी अफजाल, अनामिया (3 वर्ष) पुत्री अफजाल, अमन (14 वर्ष) पुत्र अफजाल तथा अरमान (20 वर्ष) पुत्र अफजाल के रूप में हुई है। सभी हरिद्वार जिले के रायपुर जीतपुर क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।

हादसे के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक आशंका है कि पहाड़ी मोड़ पर वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद बोलेरो सीधे गहरी खाई में जा गिरी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इस दर्दनाक हादसे ने एक ही परिवार की खुशियां पल भर में उजाड़ दीं। स्थानीय लोगों ने भी राहत-बचाव कार्य में प्रशासन का सहयोग किया। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button