Breaking Newsअपराधउत्तराखंड
Trending

प्रेमनगर में मजदूर की गला रेतकर हत्या, शव खाई में फेंका

2 दिन से घर से लापता था मदन

डॉल्फिन कॉलेज के पास दरेड नदी किनारे मिला खून से लथपथ शव, वारदात के बाद से मृतक की पत्नी भी फरार 

देहरादून। प्रेमनगर क्षेत्र में शनिवार शाम एक मजदूर का शव खाई में मिलने से सनसनी फैल गई। मांडूवाला स्थित डॉल्फिन कॉलेज के पास दरेड नदी किनारे झाड़ियों में खून से लथपथ शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान बिहार के सहरसा निवासी 38 वर्षीय मदन के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में उसकी गला रेतकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है।

घटना की सूचना मिलने पर प्रेमनगर पुलिस के साथ एसओजी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। बताया गया कि कुछ स्कूली बच्चों ने रास्ते में खून के निशान देखे, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके की जांच के दौरान शव को घसीटकर झाड़ियों के रास्ते खाई में फेंके जाने के संकेत मिले हैं।

पुलिस के अनुसार मदन पिछले कुछ समय से मांडूवाला में किराये के मकान में रहकर मजदूरी कर रहा था। वह यहां पत्नी और दो बच्चों के साथ रह रहा था। उसकी बेटी 14 साल की और बेटा 12 साल का है। शुक्रवार शाम से मदन घर से लापता था। इसके बाद शनिवार को उसका शव मिलने से मामले ने गंभीर रूप ले लिया।

जांच में एक और अहम तथ्य सामने आया है। वारदात के बाद से ही मदन की पत्नी भी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और उसके मिलने के बाद घटनाक्रम से जुड़े कई सवालों के जवाब मिलने की उम्मीद है।

पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हत्या के कारणों का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस मदन के मोबाइल की कॉल डिटेल, अंतिम लोकेशन और उसके संपर्क में रहे लोगों की जानकारी जुटा रही है। आपसी रंजिश समेत अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि वारदात में एक से अधिक लोग शामिल हो सकते हैं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button