Breaking Newsउत्तराखंड
Trending

गांधी जयंती पर खाराखेत पहुंचे साइकिलिस्ट, शहीदों को दी श्रद्धांजलि

देहरादून साइक्लिंग क्लब ने निकाली विशेष श्रद्धांजलि राइड, वन विभाग ने सुरक्षा और मार्गदर्शन में दिया सहयोग

देहरादून, 2 अक्टूबर। गांधी जयंती के अवसर पर देहरादून साइक्लिंग क्लब ने देहरादून वन विभाग के सहयोग से खाराखेत तक विशेष श्रद्धांजलि साइकिल राइड का आयोजन किया। राइड के माध्यम से महात्मा गांधी के सत्य, शांति और अहिंसा के संदेश के साथ स्वतंत्रता आंदोलन में खाराखेत और देहरादून के योगदान को याद किया गया।

साइकिल रैली सुबह पांच बजे देहरादून घंटाघर से शुरू हुई। साइकिलिस्ट घंटाघर से बल्लूपुर, पंडितवाड़ी, प्रेमनगर चौक, नंदा की चौकी और पोंधा होते हुए महात्मा गांधी नमक सत्याग्रह आंदोलन स्मारक स्थल खाराखेत पहुंचे। करीब 5:45 बजे नंदा की चौकी पर वन विभाग के अधिकारी, रेंजर और वनकर्मी रैली में शामिल हुए। उन्होंने खाराखेत तक साइकिलिस्टों के साथ रहकर सुरक्षा और मार्गदर्शन में सहयोग किया।

रैली का नेतृत्व क्लब के युवा नेता प्रणय पंत ने किया। क्लब की महिला युवा नेत्री आरती ने भी राइड में सक्रिय भागीदारी की। इस दौरान प्रतिभागियों को महात्मा गांधी के विचारों, शांति, अहिंसा और सामाजिक जिम्मेदारी के बारे में जानकारी दी गई। खाराखेत स्थित नमक सत्याग्रह आंदोलन स्मारक के ऐतिहासिक महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। बताया गया कि वर्ष 1930 के दांडी मार्च और गांधीजी के विचारों से प्रेरित होकर देहरादून के लोगों ने भी स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

देहरादून साइक्लिंग क्लब के अध्यक्ष हरिसिमरन सिंह ने वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि रैली के दौरान वन विभाग ने साइकिलिस्टों की सुरक्षा और मार्गदर्शन में महत्वपूर्ण सहयोग दिया। उन्होंने देहरादून वन अधिकारी वैभव सिंह, रेंजर सोनल पनेरू, राजेश कुमार, डिप्टी रेंजर संजीव कुमार दुबे, वन दरोगा खेमराज सिंह, बीट अधिकारी अजय कुमार, गोबिंदा और मोहन लाल का विशेष रूप से धन्यवाद किया।

खाराखेत स्मारक पर रैली का समापन महात्मा गांधी और प्रदेश के स्वतंत्रता सेनानियों को पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस दौरान साइकिलिस्टों ने स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद करते हुए शांति, अहिंसा, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया।

राइड में प्रणय पंत, आरती, हरिसिमरन सिंह, चित्रांग, मोहम्मद हारिस, अमन, प्रांजल, आर्यन चौहान, आदर्श रावत, देवरत, प्रांजल कपूर, अनमोल चौधरी, अनिरुद्ध, महावीर सिंह, शन्वी पुंडीर और केशव पुंडीर समेत क्लब के अनेक सदस्य व साइकिलिस्ट शामिल रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button