Breaking Newsउत्तराखंड
Trending

स्कॉर्पियो और डंपर की आमने-सामने भिड़ंत, नेशनल बास्केटबॉल खिलाड़ी की मौत

नैनीताल घूमने निकले नवविवाहित दंपती की खुशियां मातम में बदलीं, चार महीने पहले हुई थी शादी, पत्नी गंभीर घायल 

रामनगर। नैनीताल घूमने निकले नवविवाहित दंपती का सफर रामनगर में हुए भीषण सड़क हादसे के बाद मातम में बदल गया। पीरूमदारा के पास देर रात स्कॉर्पियो और सामने से आ रहे 22 टायरा डंपर की जोरदार भिड़ंत में राष्ट्रीय स्तर के बास्केटबॉल खिलाड़ी यतीश यादव (24) की मौत हो गई। उनकी पत्नी डॉ. शीतल यादव गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर किया गया है।

हादसा 2 अक्टूबर की देर रात करीब 1:20 से 1:45 बजे के बीच नेशनल हाईवे-309 पर हुआ। गाजियाबाद के शाहपुर बमेठा निवासी यतीश अपनी पत्नी शीतल के साथ स्कॉर्पियो से काशीपुर-रामनगर होते हुए नैनीताल जा रहे थे। पीरूमदारा के पास उनकी गाड़ी की सामने से आ रहे उपखनिज से लदे डंपर से भिड़ंत हो गई।

टक्कर के बाद सड़क पर पलटी स्कॉर्पियो

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में दोनों पति-पत्नी वाहन के नीचे दब गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को रामनगर संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया। चिकित्सकों ने यतीश को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर हालत में डॉ. शीतल को प्राथमिक उपचार के बाद दिल्ली-एनसीआर के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

चार महीने पहले हुई थी शादी

यतीश यादव राष्ट्रीय स्तर के बास्केटबॉल खिलाड़ी होने के साथ एक निजी स्कूल में शिक्षक भी थे। उनकी पत्नी डॉ. शीतल यादव पेशे से चिकित्सक हैं। दोनों की शादी करीब चार महीने पहले ही हुई थी। शादी के बाद दोनों पहली बार नैनीताल घूमने के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं।

ओवरटेक के दौरान रॉन्ग साइड आने का आरोप

यतीश के पिता सुरेश यादव ने आरोप लगाया कि सामने से आ रहा हरियाणा के फरीदाबाद का डंपर (HR 38 AC 4554) ओवरटेक करने के प्रयास में गलत दिशा में आ गया और उसने स्कॉर्पियो को टक्कर मार दी। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

रामनगर कोतवाल सुशील कुमार के अनुसार, यतीश के शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। दुर्घटनाग्रस्त डंपर को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस घटनास्थल और दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button