मुख्यमंत्री ने किया ‘सरस आजीविका मेला-2025’ का शुभारम्भ
लखपति दीदी के सपनों को उड़ान, 10 सीएलएफ योजनाओं का शिलान्यास और ‘राइजिंग टिहरी’ ऑनलाइन कोचिंग का शुभारम्भ

एनआरएलएम की 12 आर्थिक गतिविधियों का लोकार्पण
टिहरी। ग्राम्य विकास विभाग उत्तराखंड एवं जिला प्रशासन टिहरी के सहयोग से पूर्णानन्द इंटर कॉलेज खेल मैदान, मुनिकीरेती में दस दिवसीय ‘सरस आजीविका मेला-2025’ का भव्य शुभारम्भ मुख्यमंत्री द्वारा किया गया। मुख्यमंत्री ने मेले को ‘लखपति दीदी’ मेले के रूप में उद्घाटित करते हुए कहा कि आजीविका मेलों के माध्यम से स्व-सहायता समूहों की मेहनत व हुनर को देशभर में पहचान मिल रही है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत 12 आर्थिक गतिविधियों का लोकार्पण किया, जिन पर लगभग ₹120 लाख की लागत आई है। साथ ही 10 क्लस्टर लेवल फेडरेशन (सीएलएफ) की योजनाओं का शिलान्यास भी किया गया, जिनकी कुल लागत ₹100 लाख बताई गई।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर जनपद टिहरी की शिक्षा उन्नयन पहल ‘राइजिंग टिहरी’ ऑनलाइन कोचिंग क्लास का भी शुभारम्भ किया। इस योजना के तहत इंटरमीडिएट (कक्षा 11वीं व 12वीं) के छात्र-छात्राओं को जेईई और नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भौतिक विज्ञान विषय में ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी।
मेले में विभिन्न जनपदों से आए स्व-सहायता समूहों द्वारा हस्तशिल्प, गृह उद्योग उत्पाद, जैविक उत्पाद, हस्तनिर्मित वस्त्र, बांस उत्पाद और पहाड़ी व्यंजन की स्टॉलें लगाई गई हैं। आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं की आय में वृद्धि, स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना है।
इस अवसर पर विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूहों की दीदियाँ और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। मेले के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों व स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी मुख्य आकर्षण रहेंगी।


