बेटा ही निकला बूढ़ी मां का कातिल
पैसे न देने पर पाठल से की थी हत्या, गिरफ्तार

विकासनगर, 14 अगस्त : विकासनगर क्षेत्र में हुई वृद्ध महिला की हत्या के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाले मृतका के बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी नशे का आदी है और पैसों की मांग को लेकर मां से विवाद के बाद उसने पाटल से वार कर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद वह घर में आग लगाकर नकदी लेकर फरार हो गया था।
पुलिस के अनुसार, 2 अगस्त की सुबह हरबर्टपुर निवासी संजय सिंह राणा ड्यूटी पर थे, तभी पड़ोसियों ने उनके घर में आग लगने की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर उनकी पत्नी जली हुई अवस्था में मृत मिली और बेटा मनमोहन सिंह घर से गायब था। परिजनों को शक था कि हत्या बेटे ने ही की है।
जांच में पता चला कि घटना के दिन मां ने बेटे को नशे के लिए पैसे देने से मना किया था। इस पर गुस्से में आकर आरोपी ने पाटल से मां की गर्दन पर वार किया, शव को गद्दे में लपेटकर कमरे में आग लगा दी और अलमारी से 30 हजार रुपये व कपड़े लेकर बाइक से भाग निकला।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने सर्विलांस और मुखबिर की मदद से 13 अगस्त को आरोपी को कुल्हाल से दबोच लिया। उसके पास से 17,500 रुपये नकद, हत्या में प्रयुक्त पाटल और पल्सर बाइक बरामद की गई। आरोपी पहले भी आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है।




