अपराधउत्तराखंड
Trending

स्कूल में फंदे से लटकते मिला शिक्षक, इलाके में हड़कंप

सुबह जब बच्चे स्कूल पहुंचे तो हुई घटना की जानकारी

टनकपुर (चंपावत) : बुधवार सुबह तल्लापाल बिलौना के कठौल प्राथमिक विद्यालय में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब स्कूल पहुंचे बच्चों ने कक्षा के अंदर अपने शिक्षक को फंदे पर लटका हुआ पाया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और रीठासाहिब थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस के मुताबिक, मृतक शिक्षक की पहचान 50 वर्षीय प्रताप सिंह बिष्ट, निवासी बुड़म गांव, के रूप में हुई है। वे लंबे समय से स्कूल के एक कमरे में ही रहते थे। प्रारंभिक जांच से अनुमान है कि मंगलवार देर रात उन्होंने पंखे से गमछे के सहारे फांसी लगाई होगी।

सुबह पहुंचे विद्यार्थियों ने जब कक्षा का दरवाज़ा बंद देखा, तो उन्हें संदेह हुआ। अंदर झांकने पर शिक्षक को फंदे से झूलता देख बच्चों ने तुरंत ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद प्रताप सिंह के बड़े बेटे सुनील सिंह और ग्रामीणों की मौजूदगी में दरवाज़ा तोड़कर शव नीचे उतारा गया।

जांच में यह भी सामने आया है कि घटना से कुछ घंटे पहले, मंगलवार शाम को उनकी बातचीत जूनियर हाईस्कूल के शिक्षक पीयूष शर्मा से हुई थी और तब वे बिल्कुल सामान्य दिखाई दिए थे। परिवार और सहकर्मियों के अनुसार, वे किसी तरह के तनाव में नहीं थे। प्रताप सिंह की पत्नी भगवती देवी अपने दो बेटों के साथ टनकपुर में रहती हैं, जबकि उनका तीसरा बेटा कुछ वर्ष पहले अग्निवीर में भर्ती हुआ था।

रीठासाहिब थानाध्यक्ष लक्ष्मण जगवाण ने बताया कि मामले की जांच एएसआई भुवन पांडे की टीम कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button