अपराधउत्तराखंड
Trending

9वीं के छात्र ने शिक्षक को मारी गोली, निजी अस्पताल में चल रहा इलाज

मामूली कहासुनी के बाद स्कूल में खौफनाक वारदात, साथी शिक्षकों ने आरोपी छात्र को पकड़कर पुलिस के हवाले किया

 

उत्तराखंड के काशीपुर में बुधवार सुबह स्कूल परिसर गोलीकांड से दहल उठा। भौतिक विज्ञान की क्लास के बाद छात्र ने शिक्षक पर अचानक फायर झोंक दिया। गोली लगने से शिक्षक गंभीर घायल हुए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

कुंडेश्वरी रोड स्थित श्री गुरुनानक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब कक्षा 9 के छात्र ने भौतिक विज्ञान के शिक्षक गगनदीप सिंह कोहली पर तमंचे से फायर झोंक दिया। गोली दाएं कंधे के नीचे लगने से शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

पुलिस के मुताबिक घटना सुबह करीब 9:45 बजे की है। क्लास खत्म होने पर सभी छात्र भोजनावकाश के लिए बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान आरोपी छात्र ने टिफिन बॉक्स से तमंचा निकाला और शिक्षक पर गोली चला दी। गोली लगते ही गगनदीप जमीन पर गिर पड़े। छात्र मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन अन्य शिक्षकों ने उसे पकड़ लिया।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम के साथ जांच की। घटनास्थल से अवैध तमंचा और खाली खोखा बरामद हुआ। पूछताछ में छात्र ने आरोप लगाया कि शिक्षक ने दो दिन पहले सवाल का जवाब देने के बावजूद उसे थप्पड़ मारा था।

एएसपी अभय सिंह ने बताया कि आरोपी नाबालिग है। शिक्षक की तहरीर पर उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और छात्र को किशोर न्यायालय में पेश किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button