Breaking Newsअपराधउत्तराखंड
Trending

पत्नी की गोली मारकर हत्या, फिर पुलिस को फोन कर हुआ फरार

क्लेमेनटाउन में प्लॉट के कमरे में हुई वारदात, सूचना देने के बाद मोबाइल बंद कर फरार हुआ पति, पारिवारिक विवाद के बीच हत्या की आशंका

देहरादून के क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक महिला की गोली मारकर हत्या से सनसनी फैल गई। महिला का शव एक प्लॉट के भीतर बने कमरे से बरामद हुआ। वारदात के बाद उसका पति मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर पति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक सोमवार सुबह करीब छह बजे धीरज पंवार नाम के व्यक्ति ने कंट्रोल रूम में फोन किया। उसने पुलिस को बताया कि उसने अपनी पत्नी को गोली मार दी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही धीरज का मोबाइल फोन स्विच ऑफ हो गया था।

पुलिस ने फोन कॉल की लोकेशन के आधार पर आसपास के इलाकों में तलाश शुरू की। साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ कर आरोपी के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ पुलिस ने मामले की जांच भी शुरू कर दी है।

कई दिनों से पति-पत्नी के बीच चल रहा था विवाद

प्रारंभिक जांच में मृतका की पहचान काजल (26) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार काजल अपने पति धीरज पंवार के साथ ईदगाह रोड, सुभाष नगर क्षेत्र में रहती थी। उसका भाई अभिषेक भी उनके घर के पास ही रहता है।

मृतका के भाई अभिषेक ने पुलिस को बताया कि काजल और धीरज के बीच पिछले कई दिनों से पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी बीच सोमवार सुबह गोली मारकर हत्या की घटना सामने आई।

पुलिस अब हत्या की वजह, वारदात में इस्तेमाल हथियार और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपी पति की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button