युवक की मौत से बवाल, पूरी खैरना पुलिस चौकी लाइन हाजिर
नैनीताल में युवक की आत्महत्या मामले में बड़ी कार्रवाई

वीडियो बना रहा था युवक, विवाद के बाद मौत, अब पूरी चौकी पर गिरी गाज
नैनीताल के खैरना चौकी क्षेत्र में युवक की आत्महत्या के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मामले में गंभीर आरोप सामने आने के बाद एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने सख्त कदम उठाते हुए पूरी खैरना चौकी को सस्पेंड कर दिया है। चौकी प्रभारी समेत पांच पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइन भेज दिया गया है।
बताया जा रहा है कि बेतालघाट ब्लॉक के लोहाली गांव निवासी बालम सिंह बिष्ट ने आत्महत्या कर ली थी। युवक की मौत के बाद परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। मृतक की बहन मुन्नी जलाल ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि कुछ दिन पहले बालम का खैरना क्षेत्र में पुलिसकर्मियों से विवाद हुआ था, जिसके बाद वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगा था।
जानकारी के अनुसार 28 अप्रैल को बालम सिंह खैरना इलाके में नदी और पहाड़ियों का वीडियो बना रहा था। इसी दौरान उसकी पुलिसकर्मियों से कहासुनी हो गई। पुलिस ने युवक का मेडिकल कराया, जिसमें शराब के नशे में होने की पुष्टि बताई गई। इसके बाद पुलिस एक्ट में चालान कर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
परिजनों का आरोप है कि घर लौटते समय बालम ने अपनी बहन और जीजा को फोन कर बताया था कि पुलिसकर्मियों ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया, मोबाइल का सिम कार्ड तोड़ दिया और उससे नकदी भी छीन ली। परिवार का कहना है कि इसी अपमान और मानसिक दबाव के चलते उसने आत्मघाती कदम उठा लिया।
मामले को और गंभीर तब माना गया जब मृतक के पास से मिले कथित सुसाइड नोट में भी पुलिसकर्मियों पर प्रताड़ना के आरोप लिखे मिले। इसके बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया और मृतक की बहन की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि मामले की जांच निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराई जाएगी। इसी उद्देश्य से खैरना चौकी प्रभारी रमेश पंत, एक महिला पुलिसकर्मी सहित कुल पांच कर्मियों को हटाकर पुलिस लाइन भेजा गया है। साथ ही चौकी में नई तैनाती भी कर दी गई है।
मृतक की बहन मुन्नी जलाल ने कहा कि परिवार सिर्फ इंसाफ चाहता है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।


