लुटेरी दुल्हन का खेल ! शादी के दो दिन बाद पति को किया बेहोश, साथियों संग भागते पकड़ी गई, पांच गिरफ्तार

चाय पीते ही बेहोश हुआ पति, घर से निकलते वक्त भाई की नजर पड़ी तो मच गया शोर
हरिद्वार। शादी को अभी दो दिन ही बीते थे। घर में नई दुल्हन के आने की खुशियां भी पूरी तरह खत्म नहीं हुई थीं कि अचानक ऐसा घटनाक्रम सामने आया, जिसने पूरे परिवार को हैरान कर दिया। आरोप है कि नवविवाहिता ने पहले पति को चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया और उसके बेहोश होते ही अपने साथियों को घर बुला लिया। इसके बाद सभी मिलकर घर से सामान लेकर निकलने की तैयारी में थे, लेकिन ऐन वक्त पर एक सदस्य की नजर उन पर पड़ गई। इसके बाद शोर मचा और ग्रामीणों ने भागने की कोशिश कर रहे आरोपियों को घेर लिया।
मामला बहादराबाद थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव का है। पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर निवासी रुकमीना की शादी मंगलवार शाम गांव निवासी योगेश पुरी के साथ हुई थी। शादी के महज अगले ही दिन रात में आरोप है कि रुकमीना ने पति को चाय पिलाई। चाय पीने के बाद योगेश बेहोश हो गया।
आरोप है कि पति के अचेत होने के बाद रुकमीना ने अपने साथियों को घर बुलाया। गुरुवार तड़के वह चार अन्य लोगों के साथ घर से निकलने लगी। इसी दौरान योगेश के भाई प्रवेश पुरी की नजर उन पर पड़ गई। शक होने पर उसने शोर मचा दिया। आसपास के ग्रामीण भी मौके पर जुट गए और पांचों को घेरकर पकड़ लिया।
सूचना मिलने पर बहादराबाद पुलिस मौके पर पहुंची और सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में दुल्हन रुकमीना के साथ अब्दुल बारी, रागिनी पाल, पुनीत कुमार और फतेह सिंह शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 70 हजार रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन और नशीला पाउडर बरामद करने का दावा किया है। वारदात में इस्तेमाल बोलेरो वाहन को भी पुलिस ने सीज कर दिया है।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस गिरोह ने शादी के नाम पर इस तरह की अन्य वारदातों को भी अंजाम दिया है या नहीं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।



