Breaking Newsअपराधउत्तराखंड
Trending

घर से निकली 18 वर्षीय छात्रा की हत्या, सिर पर मिले गंभीर चोट के निशान

मॉडलिंग में करियर का सपना देख रही छात्रा रात 10 बजे घर से निकली थी, सुबह मिली लाश

काशीपुर के धनौरी में वारदात, परिचित युवक पर शक, फॉरेंसिक टीम ने मौके से जुटाए साक्ष्य

काशीपुर। ऊधम सिंह नगर के काशीपुर में मॉडलिंग में करियर बनाने का सपना देख रही 18 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या से सनसनी फैल गई। छात्रा का शव आईटीआई थाना क्षेत्र में काशीपुर-रामनगर रोड पर धनौरी गांव के पास सड़क किनारे मिला। उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जता रही है।

डिफेंस कॉलोनी निवासी छात्रा कांति ने इसी वर्ष पंडित गोविंद बल्लभ पंत इंटर कॉलेज से हाईस्कूल की परीक्षा पास की थी। वह परिवार की छोटी बेटी थी। उसकी बड़ी बहन शांति देहरादून में एक कंपनी में काम करती है। बुधवार रात करीब 10 बजे काशीपुर की डिफेंस कॉलोनी में रहने वाली कांति के फोन पर जॉनी का कॉल आया। उसने कांति को घर से बाहर बुलाया। मां बिंदुल देवी ने बेटी को जाने से रोकने की कोशिश की, लेकिन कांति नहीं मानी।

मां के मुताबिक, कांति ने कहा कि वह अभी वापस आ रही है। इसके बाद वह घर से निकल गई। उसने बाहर से घर का गेट भी बंद कर दिया था।परिजनों के मुताबिक बुधवार रात करीब 10 बजे उसके मोबाइल पर रामपुर निवासी जॉनी का फोन आया। बताया जा रहा है कि युवक पिछले करीब छह महीने से छात्रा के संपर्क में था। फोन आने के बाद छात्रा घर से बाहर चली गई। मां ने देर रात बाहर जाने से मना किया, लेकिन वह जल्द लौटने की बात कहकर निकल गई।

रातभर छात्रा के घर नहीं लौटने पर परिजन परेशान रहे। गुरुवार सुबह करीब छह बजे धनौरी गांव के पास राहगीरों ने सड़क किनारे एक युवती का शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही आईटीआई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। बाद में शव की पहचान डिफेंस कॉलोनी निवासी छात्रा के रूप में हुई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

सिर पर गंभीर चोट के निशान

पुलिस के मुताबिक छात्रा के सिर पर गहरी चोट के निशान मिले हैं। आशंका है कि किसी भारी या धारदार वस्तु से हमला किया गया। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

मॉडलिंग में बड़ा ब्रेक दिलाने का दिया था भरोसा

परिजनों का आरोप है कि जॉनी ने छात्रा को मॉडलिंग की दुनिया में पहचान दिलाने और बड़ा ब्रेक दिलाने का भरोसा दिया था। आरोप है कि इसी दौरान वह छात्रा के करीब आया और उसे परिवार से दूर करने की कोशिश करता था। परिजनों के अनुसार, युवक छात्रा को उसके घरवालों के खिलाफ भड़काता था, जिसके चलते परिवार में पिछले कुछ समय से विवाद की स्थिति बनी हुई थी।

घटना के बाद से संदिग्ध युवक फरार है और उसका मोबाइल फोन बंद बताया जा रहा है। पुलिस और सर्विलांस टीम उसकी तलाश में जुटी हैं। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घर से निकलने के बाद छात्रा किसके साथ थी और वह धनौरी गांव तक कैसे पहुंची।

परिवार में मचा कोहराम

मृतका का परिवार मूल रूप से बिहार के दरभंगा जिले का रहने वाला है और करीब 22 वर्षों से काशीपुर में रह रहा है। उसके पिता दिव्यांग हैं और चौकीदारी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। दो बहनों में छोटी बेटी की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

पुलिस का कहना है कि मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। फिलहाल पुलिस ने जांच तेज करते हुए संदिग्ध युवक की तलाश शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button