Breaking Newsअपराधउत्तराखंड
Trending

पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को उतारा मौत के घाट

पति की हत्या के पीछे प्रेम कहानी, दुकान के कर्मचारी संग पत्नी के थे संबंध, जन्मदिन के बहाने ले जाकर मारी गोली

रामनगर घूमने के बहाने संजीव को कार से ले गए दो किशोर, रास्ते में गर्दन से सटाकर 12 बोर के तमंचे से किया फायर, पत्नी समेत तीन गिरफ्तार

काशीपुर। उत्तराखंड के काशीपुर में 24 वर्षीय टेंट कारोबारी संजीव कुमार की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक मृतक की पत्नी निशा ने पति की दुकान पर काम करने वाले एक किशोर के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। किशोर ने अपने एक अन्य साथी को भी साजिश में शामिल किया। पुलिस ने मामले में निशा समेत दोनों किशोरों को पकड़ लिया है।

पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त को प्रतापपुर क्षेत्र में संजीव का शव उसकी कार में खून से लथपथ हालत में मिला था। गले पर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस को मामला संदिग्ध लगा। पत्नी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच में निशा के बयानों में विरोधाभास सामने आए। इसके बाद पुलिस ने कॉल डिटेल, मोबाइल मैसेज, लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज और फोरेंसिक साक्ष्यों को खंगाला।

दुकान पर काम करने वाले किशोर से थे संबंध

जांच में पुलिस को पता चला कि रामनगर स्थित संजीव की टेंट की दुकान पर काम करने वाले एक किशोर का उसके घर आना-जाना था। पुलिस के मुताबिक इसी दौरान निशा और किशोर के बीच प्रेम संबंध बन गए। पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद निशा ने कथित तौर पर किशोर के साथ मिलकर संजीव को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। किशोर ने वारदात में अपने एक अन्य साथी को भी शामिल कर लिया।

जन्मदिन के बहाने संजीव को रामनगर ले गए

एसएसपी अजय गणपति के मुताबिक 16 अगस्त को एक किशोर के जन्मदिन का बहाना बनाकर दोनों ने संजीव से रामनगर घूमने चलने को कहा। दोनों किशोर संजीव की कार में उसके साथ रामनगर गए। पुलिस के अनुसार, इससे पहले रामनगर में ही संजीव की हत्या का प्रयास किया गया था, लेकिन वे सफल नहीं हुए।

इसके बाद लौटते समय राजपुर रोड, थारी के पास मौका पाकर पीछे बैठे किशोर ने संजीव की गर्दन से 12 बोर का अवैध तमंचा सटाकर गोली मार दी। गोली लगने के बाद कार अनियंत्रित होकर खेत में जा गिरी। वारदात के बाद दोनों किशोर मौके से फरार हो गए।

हत्या के बाद पत्नी को भेजा था ‘काम हो गया’ का मैसेज

पुलिस के मुताबिक हत्या के तुरंत बाद किशोर ने निशा को फोन किया और मैसेज के जरिए वारदात की जानकारी दी। मोबाइल कॉल डिटेल और यह मैसेज पुलिस की जांच में अहम कड़ी साबित हुए। इन्हीं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने हत्या की साजिश की परतें खोलनी शुरू कीं।

तमंचा, कारतूस और खून से सने कपड़े बरामद

पुलिस और एसओजी की टीम ने बुधवार को मालवा फार्म पुलिया के पास से दोनों किशोरों को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर 12 बोर का तमंचा, तीन खोखे, पांच जिंदा कारतूस और खून से सने कपड़े बरामद किए गए। निशा को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

दोनों सह-आरोपियों के शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों की जांच में उनके नाबालिग होने की पुष्टि हुई है। इसके बाद उनके खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

एक महीने पहले खरीदा था अवैध तमंचा

पुलिस के अनुसार, निशा और किशोर के बीच कथित प्रेम संबंध करीब एक साल से चल रहे थे और इसकी जानकारी संजीव को नहीं थी। पुलिस का कहना है कि पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद के बाद हत्या की योजना बनाई गई। करीब एक महीने पहले किशोर के जरिए 12 बोर का अवैध तमंचा और आठ कारतूस खरीदे गए थे।

एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि हथियार उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति की भी पुलिस जांच कर रही है। उसकी पहचान होने के बाद उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अब हत्या की साजिश से जुड़े अन्य पहलुओं और अवैध हथियार की खरीद-फरोख्त के नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button