देहरादून में 10 अप्रैल तक बिजली संकट, कई इलाकों में कटौती
नियम विरुद्ध बिजली लाइन से प्रेमनगर राघव विहार अलकनंदा के 40 परिवारों को खतरा

लाइन निर्माण और मरम्मत कार्य के चलते 10 अप्रैल तक प्रभावित रहेगी बिजली आपूर्ति, अवैध लाइन से बढ़ी चिंता
देहरादून में बिजली लाइन निर्माण और मरम्मत कार्य के चलते कई इलाकों में 6 से 10 अप्रैल तक बिजली संकट बना रहेगा। मातावाला बाग बिजलीघर के लिए बिंदाल पुल से 33 केवी लाइन डाली जा रही है, जिसके कारण शहर के कई प्रमुख क्षेत्रों में रोजाना कई घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।
इस दौरान भंडारीबाग, पटेलनगर, कांवली रोड, केशव रोड, आढ़त बाजार, झंडा गली, कुसुम विहार और मुस्लिम कॉलोनी में 6 से 10 अप्रैल तक सुबह 10 बजे से शाम 4:30 बजे तक बिजली कटौती होगी। वहीं तिलक रोड, खुड़बुड़ा, मच्छी बाजार, आनंद चौक और मझगांव क्षेत्र में 6 से 8 अप्रैल तक इसी समय बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी।
इसके अलावा आशारोड़ी, परेड ग्राउंड और पटेल रोड बिजलीघर से जुड़े 11 केवी फीडर क्षेत्रों में भी 6 से 9 अप्रैल के बीच सुबह 9:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक जरूरी मरम्मत कार्य के कारण बिजली बाधित रहेगी।
यूपीसीएल के अधीक्षण अभियंता विजय कुमार सिंह के अनुसार राघव विहार, अलकनंदा और श्यामपुर क्षेत्र में 33 केवी लाइन को नियमों के विरुद्ध भूमिगत किया जा रहा है। इससे करीब 40 परिवारों पर खतरा बना हुआ है और भविष्य में बड़े हादसे की आशंका जताई गई है। इस संबंध में पिछले दिनों पहाड़ी महासभा की महासचिव गीता बिष्ट ने अधीक्षण अभियंता से लिखित शिकायत की थी। मामले की जांच के निर्देश दे दिए गए हैं।



