अपराधउत्तराखंड
Trending

पुलिस और सेना ने श्री बद्रीनाथ धाम में चलाया सघन चेकिंग अभियान

बम डिस्पोजल स्क्वॉड ने अत्याधुनिक उपकरणों से मंदिर परिसर के प्रत्येक क्षेत्र की जांच की

श्री बद्रीनाथ धाम। श्री बद्रीनाथ धाम की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देशन में बद्रीनाथ पुलिस ने सोमवार को धाम परिसर में सघन चेकिंग अभियान चलाया।

इस अभियान में बम डिस्पोजल स्क्वॉड (बीडीएस), मंदिर समिति तथा माणा में तैनात भारतीय सेना की 07 असम राइफल्स की संयुक्त टीमों ने भाग लिया। टीमों ने मंदिर परिसर, श्रद्धालु प्रवेश द्वार, पार्किंग क्षेत्र, यात्री प्रतीक्षालय और आसपास के मार्गों की गहन तलाशी ली। श्रद्धालुओं के सामान, वाहनों और आवासीय परिसरों की बारीकी से जांच की गई।

बीडीएस टीम ने अत्याधुनिक सुरक्षा उपकरणों की सहायता से मंदिर परिसर के प्रत्येक हिस्से की जांच की और किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि पर विशेष नजर रखी।

थानाध्यक्ष श्री बद्रीनाथ नवनीत भंडारी ने बताया कि संयुक्त चेकिंग अभियान का मुख्य उद्देश्य आपात स्थिति में पुलिस, बीडीएस टीम, सेना और मंदिर समिति के बीच समन्वय और प्रतिक्रिया क्षमता को परखना था, ताकि सुरक्षा व्यवस्थाएं और प्रभावी बनाई जा सकें।

उन्होंने बताया कि चेकिंग के दौरान संदिग्ध वस्तुओं, बैगों और वाहनों की सावधानीपूर्वक जांच की गई तथा सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस टीम ने इस दौरान स्थानीय नागरिकों, दुकानदारों, वाहन चालकों और श्रद्धालुओं को सुरक्षा जागरूकता से जुड़ी जानकारी दी और उनसे अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button