मोतीचूर फ्लाईओवर पर कई वाहनों की टक्कर के बाद लगी भीषण आग, दो की मौत
रोडवेज बस, दो कार और ट्राला भिड़े, पांच वाहन जले, 9 किमी लंबा जाम

कई यात्री घायल, दमकल की गाड़ियां और एंबुलेंस मौके पर
हरिद्वार/रायवाला। हरिद्वार जिले की सीमा से सटे रायवाला थाना क्षेत्र में मोतीचूर फ्लाईओवर के पास रविवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। ट्रैक्टर-ट्रॉली और बस की टक्कर के बाद कई वाहन आपस में भिड़ गए और देखते ही देखते उनमें आग लग गई। इस हादसे में पांच वाहन आग की चपेट में आ गए, जबकि दो लोगों की मौत हो गई। कई यात्रियों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।
बताया जा रहा है कि सड़क पर चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली के अचानक मुड़ने से यह हादसा हुआ। इसी दौरान पीछे से आ रही रोडवेज बस, दो कार और एक ट्राला आपस में भिड़ गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और वाहनों में सवार लोग घबरा गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली में आग लग गई, जो देखते ही देखते अन्य वाहनों तक फैल गई। आग की ऊंची लपटें आसमान तक उठती दिखाई दीं और चारों ओर घना धुआं फैल गया। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली सवार झंडा मेले से वापस लौट रहे थे और उसमें कई लोग सवार थे। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया। हादसे के कारण हरिद्वार-देहरादून मार्ग पर लंबा जाम लग गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया। पुलिस के अनुसार दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।



