पति ने भाई को फोन पर कहा ‘मैं तेरी बहन को मार रहा हूँ’ और डम्बल से किया सिर पर हमला
विश्वास और घरेलू त्रासदी : महिला कमांडो काजल चौधरी की हत्या का सच सामने आया”

दिल्ली पुलिस की SWAT कमांडो काजल चौधरी की नृशंस हत्या ने राजधानी ही नहीं, बल्कि पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। चार महीने की गर्भवती काजल पर उनके पति द्वारा किए गए कथित जानलेवा हमले और हत्या से पहले किए गए फोन कॉल ने इस मामले को और भी सनसनीखेज बना दिया है। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
यह है पूरा घटनाक्रम
यह दर्दनाक घटना पश्चिमी दिल्ली के मोहन गार्डन इलाके में हुई। पुलिस के अनुसार, काजल चौधरी और उनके पति के बीच किसी घरेलू विवाद को लेकर पहले बहस हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोप है कि गुस्से में आकर पति ने काजल पर डम्बल (भारी वजन) से सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
इसी दौरान आरोपी ने काजल के भाई निखिल को फोन किया और कथित तौर पर कहा,
“कॉल रिकॉर्ड पर रखो, मैं तेरी बहन को मार रहा हूँ।”
भाई के अनुसार, फोन पर काजल की चीखें भी सुनी गईं, जिसके बाद कॉल कट गया। कुछ ही देर बाद आरोपी ने दोबारा फोन कर कहा,
“वो मर गई है, अस्पताल आ जाओ।”
स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से काजल को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। कई दिन तक इलाज चला, लेकिन गंभीर चोटों के कारण पांच दिन बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिवार का कहना है कि काजल और अंकुर का रिश्ता भरोसे के साथ शुरू हुआ था, क्योंकि शादी से पहले काजल की दोस्ती अंकुर की बहन से थी। लेकिन शादी के कुछ ही समय बाद काजल के परिजनों का आरोप है कि अंकुर और उसके रिश्तेदारों ने दहेज को लेकर उसे बार-बार प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। परिवार का दावा है कि काजल रिश्ते को बचाने की उम्मीद में यह सब सहती रही।
सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान अंकुर ने पुलिस को बताया कि काजल उसके परिवार के साथ नहीं रहना चाहती थी और द्वारका में फ्लैट खरीदने पर ज़ोर दे रही थी। उसने यह भी कहा कि दोनों आर्थिक दबाव में थे, क्योंकि काजल अपने परिवार की मदद कर रही थी और पहले से लिए गए कर्ज़ की किस्तें भी चुका रही थी।
पुलिस के अनुसार, दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल में तैनात काजल और अंकुर के बीच द्वारका मोड़ में खरीदे गए घर की किस्तों को लेकर अक्सर झगड़े होते थे। दोनों ने 27 लाख रुपये का लोन लिया था, जिसकी अदायगी तनाव का बड़ा कारण बन गई थी। सूत्रों का यह भी कहना है कि दहेज को लेकर हो रही प्रताड़ना के चलते काजल अंकुर के परिवार से अलग रहना चाहती थी। घटना वाली रात बहस हिंसक रूप ले बैठी और पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान अंकुर ने कथित तौर पर जिम के डम्बल से काजल के सिर पर वार कर दिया।
पुलिस कार्रवाई और जांच
सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुँची। घर और आसपास के इलाके से साक्ष्य जुटाए गए, जिनमें इस्तेमाल किया गया वज़न, खून से सना सामान और तकनीकी सबूत शामिल हैं। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की और उसके खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है, जिसमें घरेलू विवाद, पारिवारिक तनाव और पूर्व में हुई शिकायतों की भी पड़ताल की जा रही है।
काजल के परिजनों ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। परिवार का कहना है कि कई बार विवाद हुआ, लेकिन मामला इस हद तक पहुँच जाएगा, इसकी किसी को कल्पना नहीं थी।
एक प्रशिक्षित पुलिस कमांडो की अपने ही घर में इस तरह हत्या से लोगों में गहरा आक्रोश है। यह मामला घरेलू हिंसा और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
पुलिस का दावा है कि जांच पूरी होने के बाद जल्द ही चार्जशीट दाखिल की जाएगी और आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की कोशिश की जाएगी।



