
हल्की बारिश के बीच साइक्लिस्टों ने दिया स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और जूनोटिक रोगों से बचाव का संदेश
देहरादून। विश्व जूनोटिक रोग दिवस के अवसर पर रविवार को देहरादून साइक्लिंग क्लब ने जन-जागरूकता के उद्देश्य से विशेष साइक्लिंग रैली का आयोजन किया। प्रेमनगर चौक से शुरू हुई यह रैली बल्लूपुर चौक, गढ़ी कैंट और सप्लाई चौक से होते हुए किमाड़ी तक पहुंची। रैली के माध्यम से लोगों को जूनोटिक रोगों से बचाव, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
क्लब के अध्यक्ष हरि सिमरन सिंह ने कहा कि विश्व जूनोटिक रोग दिवस का उद्देश्य उन बीमारियों के प्रति लोगों को जागरूक करना है, जो पशुओं से मनुष्यों में फैलती हैं। उन्होंने बताया कि रेबीज़, बर्ड फ्लू, स्वाइन फ्लू और निपाह वायरस जैसी कई गंभीर बीमारियां जूनोटिक रोगों की श्रेणी में आती हैं। इनसे बचाव के लिए स्वच्छता बनाए रखना, पशुओं का समय पर टीकाकरण कराना, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली अपनाना बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि नियमित साइक्लिंग न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाती है, बल्कि प्रदूषण कम करने और पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इस तरह के आयोजन लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का एहसास भी कराते हैं।
रैली के दौरान हल्की बारिश ने प्रतिभागियों के उत्साह को और बढ़ा दिया। बारिश की फुहारों के बीच साइक्लिस्टों ने पूरे जोश के साथ यात्रा पूरी की और स्वास्थ्य, स्वच्छ पर्यावरण तथा जूनोटिक रोगों के प्रति जागरूकता का संदेश आमजन तक पहुंचाया।
रैली में हरि सिमरन सिंह, सुरेंद्र कुमार, जयंती प्रसाद, प्रणय पंत, मोहम्मद हैरिस, प्रांजल कपूर, अर्नब पॉल, चित्रांग, अमन, चैतन्य समेत क्लब के कई सदस्य शामिल रहे।
कार्यक्रम के अंत में देहरादून साइक्लिंग क्लब ने नागरिकों से नियमित रूप से साइक्लिंग और अन्य शारीरिक गतिविधियों को अपनाने तथा जूनोटिक रोगों के प्रति जागरूक रहकर स्वयं और समाज को सुरक्षित रखने की अपील की। क्लब ने भविष्य में भी स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता से जुड़े ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित करने का संकल्प दोहराया।



