Breaking Newsअपराधउत्तराखंड
Trending

कलयुगी बेटे ने मां को मारी गोली, हालत गंभीर

नशे का आदी है बेटा, महिला एम्स में भर्ती

ऋषिकेश। उत्तराखंड के ऋषिकेश स्थित आईडीपीएल चौकी क्षेत्र की बांध विस्थापित कॉलोनी में रविवार देर रात एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई। नशा करने से रोकने पर एक युवक ने कथित तौर पर अपनी ही मां पर 12 बोर के हथियार से गोली चला दी। गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी युवक की पहचान सुमित गौड़ के रूप में हुई है, जिसे नशे का आदी बताया जा रहा है। रविवार रात घर में नशे को लेकर मां ऊषा देवी ने उसे समझाने और रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर युवक ने आवेश में आकर अपनी मां पर गोली चला दी।

गोली लगते ही महिला गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ीं। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही आईडीपीएल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि घटना में प्रयुक्त 12 बोर का हथियार लाइसेंसी था या अवैध।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।

घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति परिवारों के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पूरे घटनाक्रम और घटना के कारणों का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button