Breaking Newsअन्य प्रदेशअपराध
Trending

नीले ड्रम के अंदर मिली किशोरी की लाश, दहल उठा इलाका

लड़की के एक हाथ पर गुदा है नेहा नाम का टैटू , 15  से 20 वर्ष के बीच है उम्र 

नीले रंग का एक प्लास्टिक ड्रम… सड़क किनारे कूड़े के ढेर में यूं ही पड़ा था। लोगों ने पहले उसे बेकार कबाड़ समझकर नजरअंदाज किया, लेकिन जैसे-जैसे उससे उठती बदबू तेज होती गई, माहौल में डर घुलने लगा। किसी को अंदाजा भी नहीं था कि उस ड्रम के अंदर मौत बंद है। जब पुलिस ने ड्रम का ढक्कन खोला तो वहां मौजूद लोगों की चीख निकल गई। अंदर एक किशोरी की लाश ठूंसकर छिपाई गई थी। शव की हालत देखकर साफ लग रहा था कि कातिल सिर्फ हत्या करके नहीं भागे, बल्कि पहचान मिटाने की पूरी साजिश रचकर गए हैं।

इस खौफनाक खुलासे ने पूरे इलाके को दहला दिया और हर किसी के मन में बस एक ही सवाल छोड़ दिया— आखिर वह कौन था जिसने इतनी बेरहमी से एक मासूम की जिंदगी खत्म कर दी?

दरअसल, यह सनसनीखेज मामला पंजाब के पटियाला के थाना अर्बन स्टेट इलाके के DCW क्षेत्र का है। यहां कूड़े के ढेर के पास एक बड़ा नीले रंग का प्लास्टिक ड्रम संदिग्ध हालत में पड़ा मिला। स्थानीय लोगों को जब ड्रम से तेज बदबू आने लगी तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने लोगों की मौजूदगी में ड्रम का ढक्कन खुलवाया। जैसे ही ड्रम खोला गया, अंदर करीब 15 से 20 साल की लड़की का शव देखकर वहां मौजूद लोग दहशत में आ गए।

पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि लड़की की हत्या कहीं और की गई और बाद में पहचान छिपाने के लिए शव को ड्रम में बंद कर यहां फेंक दिया गया। मृतका के कपड़े और हुलिए को देखकर पुलिस को शक है कि वह किसी दूसरे state की रहने वाली हो सकती है। लड़की के एक हाथ पर ‘नेहा’ नाम का टैटू स्पष्ट रूप से बना हुआ है। दूसरे हाथ पर दिल का निशान भी देखा गया है। उसके चेहरे पर हल्की चोट के निशान भी मिले हैं। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है।

घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि ड्रम वहां कौन छोड़कर गया। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट भी जांच रही है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से कई अहम सबूत जुटाए हैं और पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह साफ हो सकेगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी जांच और स्थानीय पूछताछ के जरिए जल्द आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button