Breaking Newsउत्तराखंड
Trending

मसूरी में ब्रेक फेल होने से गहरी खाई में गिरी कार, चार की मौत

मसूरी। देहरादून जिले के मसूरी-झड़ीपानी शॉर्टकट मार्ग पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण कार के ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, सफेद रंग की मारुति सिलेरियो कार (DL5CS-4610) झड़ीपानी रोड पर तीव्र ढलान से गुजर रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चालक द्वारा वाहन रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन ब्रेक फेल होने के कारण कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाली प्लॉट से होते हुए करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।

हादसे की सूचना सुबह 9:16 बजे 112 कंट्रोल रूम के माध्यम से पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और 108 एम्बुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। दुर्गम भू-भाग और घनी झाड़ियों के कारण रेस्क्यू अभियान में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

कार में चार लोग सवार थे, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान सत्य प्रकाश (निवासी सोनीपत), मनीत (19 वर्ष), सविता (48 वर्ष, निवासी नेहरू नगर गाजियाबाद) तथा संगीता (46 वर्ष, निवासी करोलबाग दिल्ली) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार सभी लोग उत्तरकाशी से लौट रहे थे। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। मौके पर पुलिस अधिकारियों की निगरानी में राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया तथा शवों को खाई से बाहर निकालने की कार्रवाई की गई।

प्रथम दृष्टया जांच में हादसे का कारण तेज ढलान पर कार के ब्रेक फेल होने के बाद वाहन का अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरना माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button