दो स्कूली छात्रों की संदिग्ध मौत, मेला मैदान के मंच पर मिले दोनों के शव

कक्षा 12 के छात्र और कक्षा 11 की छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, एक साथ शव मिलने से उठे कई सवाल
चमोली। मंगलवार सुबह एक छात्र और छात्रा के शव एक साटी मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। दोनों के शव मिलने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद गांव में शोक के साथ ही तरह-तरह की चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।
घटना नंदानगर विकासखंड के रामणी गांव की है। गांव के समीप स्थित मेला मैदान के मंच की रेलिंग पर दोनों के शव लटके मिले। सूचना मिलने पर पुलिस को मामले की जानकारी दी गई, जिसके बाद जांच शुरू की गई।
कक्षा 12 का छात्र और कक्षा 11 की छात्रा
मृतकों की पहचान सुनील और रिया के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सुनील कक्षा 12 में पढ़ता था, जबकि रिया कक्षा 11 की छात्रा थी। दोनों रामणी गांव के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं। एक साथ दो स्कूली छात्रों की मौत से उनके परिवारों में मातम है।
सुबह ग्रामीणों को मिली शव पड़े होने की जानकारी
बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह ग्रामीणों को मेला मैदान के मंच पर दो शव पड़े होने की जानकारी मिली। इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटानी शुरू की।
मौत की वजह अभी रहस्य
दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसका पता नहीं चल पाया है। घटना के बाद कई तरह की चर्चाएं जरूर सामने आ रही हैं, लेकिन अभी किसी भी संभावना की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
ग्राम प्रधान कुंवर लाल के अनुसार, घटना की जानकारी नंदानगर पुलिस को दी गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र की पड़ताल के साथ पुलिस दोनों की मौत से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाल रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
दो स्कूली छात्रों की एक साथ संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। अब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही यह साफ होगा कि दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई।




