
मुख्यमंत्री ने 3.52 करोड़ की योजनाओं को दी मंजूरी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राजधानी के प्रेमनगर क्षेत्र सहित विधानसभा कैन्ट के विभिन्न इलाकों के आंतरिक मार्गों के सुधार एवं सुदृढ़ीकरण के लिए 3.52 करोड़ रुपये की योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की है।
स्वीकृत योजना के अंतर्गत प्रेमनगर चुंगी से मोहनपुर पावर हाउस तक मिलन विहार, रजत एन्क्लेव और पार्क रोड सहित केशवरोड, नेशनल रोड, शिव कॉलोनी तथा द्रोणपुरी क्षेत्र के क्षतिग्रस्त मार्गों का सुधारीकरण किया जाएगा। मुख्यमंत्री द्वारा अनुमोदित इस परियोजना से प्रेमनगर क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, क्योंकि लंबे समय से सड़क की दुर्दशा को लेकर स्थानीय लोग परेशान थे।
मुख्यमंत्री धामी ने राजधानी और अन्य जिलों की कई विकासपरक योजनाओं को मंजूरी दी है। इनमें सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के मिट्ठीबेरी-परवल मार्ग का 12.3 करोड़ से चौड़ीकरण, हरिद्वार जिला कारागार में नए बैरकों का निर्माण, टिहरी गढ़वाल में आयुर्वेदिक चिकित्सालय भवन निर्माण और अर्द्धनगरीय क्षेत्रों के पेयजल कार्यक्रम हेतु 74 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी करने की स्वीकृति भी शामिल है।
स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि सड़कों के सुधारीकरण से न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र में विकास की नई राह भी खुलेगी।




