
2013 केदारनाथ त्रासदी के बाद सबसे बड़ी आपदा का सामना कर रहा उत्तराखंड
देहरादून, 11 सितंबर: उत्तराखंड में आपदा से जूझ रहे हालात का स्वयं आकलन करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राज्य दौरे पर पहुंच रहे हैं। वह शाम लगभग 4:15 बजे जॉलीग्रांट एयरपोर्ट से आपदा प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी उनके साथ रहेंगे।
प्रधानमंत्री का कार्यक्रम तय है कि सर्वेक्षण के बाद वे सीधे जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पर लौटेंगे और यहां एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में प्रदेश को अब तक हुए आर्थिक नुकसान, राहत एवं पुनर्वास कार्यों की स्थिति और भविष्य की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
गौरतलब है कि वर्ष 2013 की केदारनाथ त्रासदी के बाद राज्य एक बार फिर सबसे बड़ी प्राकृतिक आपदा का सामना कर रहा है। ऐसे में प्रधानमंत्री का यह दौरा राहत एवं पुनर्निर्माण कार्यों को गति देने के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। बैठक संपन्न होने के बाद देर शाम प्रधानमंत्री मोदी दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।




