गोर्खा दशै-दिवाली महोत्सव 30 अक्टूबर से, दिखेगी नेपाली संस्कृति की झलक

महेंद्र ग्राउंड में तीन दिवसीय राजकीय मेले का आयोजन, देश-विदेश के कलाकार देंगे प्रस्तुतियां
देहरादून। गढ़ी कैंट स्थित महेंद्र ग्राउंड में 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक तीन दिवसीय गोर्खा दशै-दिवाली सांस्कृतिक महोत्सव एवं राजकीय मेला-2026 का आयोजन किया जाएगा। वीर गोर्खा कल्याण समिति की ओर से आयोजित इस महोत्सव में नेपाली संस्कृति, पारंपरिक वेशभूषा, लोक संगीत, नृत्य और खानपान की झलक देखने को मिलेगी। मेले में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।
वीर गोर्खा कल्याण समिति ने चंद्रमणि मंदिर स्थित कार्यालय में आयोजित बैठक में महोत्सव की तैयारियों की जानकारी दी। समिति के अध्यक्ष कमल थापा ने बताया कि इस वर्ष आयोजन को पिछले वर्षों से बेहतर बनाने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गोर्खा दशै-दिवाली महोत्सव को उत्तराखंड का राजकीय मेला घोषित किया था। इसके बाद से आयोजन को और भव्य रूप देने के प्रयास किए जा रहे हैं।
कई राज्यों की लोक संस्कृतियों का संगम
महोत्सव में मेघालय, सिक्किम, हिमाचल प्रदेश और असम के साथ उत्तराखंड की गढ़वाली, कुमाऊंनी, जौनसारी और गोर्खाली संस्कृति की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। नेपाल की सांस्कृतिक प्रस्तुति भी आयोजित की जाएगी, जिसमें पारंपरिक वेशभूषा में नेपाली महिलाएं गोर्खा समुदाय की संस्कृति और परंपराओं से परिचित कराएंगी।
अंतरराष्ट्रीय कलाकार देंगे प्रस्तुति
सांस्कृतिक संध्या में अंतरराष्ट्रीय लोक गायक श्याम राना, लोक गायिका शांता रानी परियार, डीआईडी लिटिल चैंप्स के रनरअप आकाश थापा और मयूर नृत्य के लिए ख्याति प्राप्त कबी राज थापा प्रमुख आकर्षण होंगे।
मेले में विभिन्न प्रकार के स्टॉल और प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी। यहां आने वाले लोग नेपाली व्यंजनों सहित विभिन्न पकवानों का स्वाद चखने के साथ खरीदारी का आनंद भी ले सकेंगे।
बैठक में समिति की वरिष्ठ उपाध्यक्ष उर्मिला तामाड, उपाध्यक्ष सूर्य बिक्रम शाही, महासचिव विशाल थापा, कोषाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी टेकु थापा, सचिव देवीन शाही, सह-सचिव आशु थापा, सांस्कृतिक सचिव देव कला दीवान, सह-सांस्कृतिक सचिव करमिता थापा, संगठन मंत्री लोकेश बन और सोनु गुरुंग सहित समिति के संरक्षक, सलाहकार और अन्य सदस्य मौजूद रहे।




