Breaking Newsउत्तराखंडराजनीती
Trending

सैलजा ने कांग्रेस को दिया जमीनी संघर्ष का मंत्र, बोलीं : जनता के बीच जाकर उठाएं मुद्दे

संगठन की बैठक में प्रदेश प्रभारी ने कार्यकर्ताओं को दिए सक्रियता बढ़ाने के निर्देश, बेरोजगारी, महिला सुरक्षा और दलितों के मुद्दे उठाने पर जोर

देहरादून। कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव कुमारी सैलजा ने पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर और सक्रिय करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जनता की समस्याओं को अपनी समस्या समझकर उनके समाधान के लिए संघर्ष करना होगा। भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ पार्टी को मजबूती से जनता की आवाज उठानी चाहिए।

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मंगलवार को कुमारी सैलजा और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने विभिन्न फ्रंटल संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्षों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने संगठन की गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी ली तथा पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जनता से सीधा संवाद बढ़ाने पर जोर

कुमारी सैलजा ने कहा कि संगठन के विभाग और प्रकोष्ठ सिर्फ कागजों तक सीमित नहीं रहने चाहिए। उनकी सक्रियता जमीन पर दिखाई देनी चाहिए और कार्यकर्ताओं को लगातार जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि दलितों के साथ कथित अन्याय, महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान, बढ़ती बेरोजगारी और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मजबूती से आवाज उठानी होगी।

भाजपा सरकार पर लगाए जनविरोधी नीतियों के आरोप

सैलजा ने कहा कि देश और प्रदेश में भाजपा सरकार की नीतियों से आम जनता, युवा, किसान, मजदूर, महिलाएं और गरीब वर्ग परेशान हैं। ऐसे समय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भाजपा की नीतियों के खिलाफ जनता के बीच जाकर मजबूती से पक्ष रखने का आह्वान किया।

पदाधिकारियों के साथ भी की बैठक

फ्रंटल संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों की बैठक के बाद कुमारी सैलजा ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्षों, महामंत्रियों और सचिवों के साथ भी बैठक की। इस दौरान संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और जनसमस्याओं को लेकर पार्टी की गतिविधियों को तेज करने पर चर्चा हुई।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button