“व्हाट्सएप पर फोटो, फोन पर रेट…देहरादून में ऐसे चल रहा था हाईटेक सेक्स रैकेट ”

देहरादून में हाई-टेक सेक्स रैकेट का भंडाफोड़: महिला सहित 3 गिरफ्तार
देहरादून में जिस्मफरोशी का एक सुनियोजित और “हाई-टेक” नेटवर्क पुलिस के हत्थे चढ़ गया। व्हाट्सएप के जरिए युवतियों की तस्वीरें भेजकर ग्राहकों से सौदे तय किए जाते थे और फिर उन्हें तय स्थानों तक पहुंचाया जाता था। गुप्त सूचना पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर तीन पीड़ित युवतियों को रेस्क्यू किया है।
यह है पूरा मामला
थाना कैंट क्षेत्र के बिंदाल इलाके में एक मकान में अनैतिक देह व्यापार संचालित होने की सूचना पर पुलिस ने 16 मार्च 2026 की रात गांधी नगर, रघुनाथ मंदिर के पास छापेमारी की। मौके पर तीन महिलाएं और दो पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में मिले। तलाशी के दौरान आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई।
ऐसे फंसाई जाती थीं युवतियां
पुलिस जांच में सामने आया कि मकान मालिक रानी देवी इस रैकेट की मुख्य संचालक थी। वह अपने साथी आशीष कुमार पाण्डे के साथ मिलकर इस अवैध धंधे को चला रही थी। दोनों बाहरी राज्यों से युवतियों को नौकरी का झांसा देकर बुलाते थे और बाद में उन्हें देह व्यापार में धकेल देते थे।
व्हाट्सएप से चलता था पूरा नेटवर्क:
ग्राहकों को व्हाट्सएप पर युवतियों की तस्वीरें भेजी जाती थीं। इसके बाद फोन पर रेट तय होता था और फिर मिलने का स्थान व समय फिक्स किया जाता था। आरोपी आशीष कुमार पाण्डे युवतियों को ग्राहकों तक पहुंचाने का काम करता था और इसके बदले कमीशन लेता था।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
पुलिस ने मौके से निम्न आरोपियों को गिरफ्तार किया
- रानी देवी पत्नी दीपक कुमार
- आशीष कुमार पाण्डे पुत्र सुरेश चन्द्र पाण्डे
- फुलो खान पुत्र मुस्लिम खान
तीनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली कैंट में अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम की धारा 3, 4, 5, 6 और 7 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही तीन पीड़ित युवतियों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर भेजा गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।




