
स्वस्थ रहना है तो दीवाली पर मावे की मिठाईयों से करें तौबा
त्योहारों के सीजन में मिलावटखोरों पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने मेरठ मावा मंडी से करीब 2500 किलो नकली मावा जब्त किया, जिसकी कीमत लगभग ₹5.5 लाख बताई गई है। जब्त किए गए मावे से तेज दुर्गंध आ रही थी और सैंपल जांच में यह फेल पाया गया। विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इस मिलावटी मावे को बुलडोजर की मदद से मिट्टी में मिला दिया।
यह कार्रवाई मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार के नेतृत्व में की गई। टीम ने एक पिकअप वैन में भरे हुए मावे की जांच की तो उसमें कड़वाहट और सड़ांध महसूस हुई। जांच में पुष्टि होने के बाद पूरे मावे को नष्ट कर दिया गया। अधिकारियों के अनुसार, इस मावे में मिलावट की मात्रा इतनी अधिक थी कि इसके सेवन से शरीर का एसिड लेवल बढ़ सकता था और गंभीर बीमारियों का खतरा था।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने इस अवैध कारोबार में शामिल चार आरोपियों की पहचान कर ली है। सभी के खिलाफ जल्द कार्रवाई की जाएगी।




