केदारनाथ यात्रा पड़ाव सोनाप्रयाग में हंगामा, पुलिस का लाठीचार्ज
यात्रा स्थगित होने के बावजूद बड़ी संख्या में सोनप्रयाग पहुंचे थे श्रद्धालु

भारी बारिश के अलर्ट के बाद से बंद है यात्रा
रुद्रप्रयाग। मौसम विभाग द्वारा 12 से 14 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट जारी करने के बाद जिला प्रशासन ने 11 अगस्त से 14 अगस्त तक केदारनाथ यात्रा अस्थायी रूप से रोक दी थी। इसके बावजूद बुधवार को बड़ी संख्या में यात्री सोनप्रयाग पहुंच गए। प्रशासन की अपील थी कि श्रद्धालु सोनप्रयाग से आगे न बढ़ें, लेकिन सुबह से ही यात्री आगे जाने की जिद पर अड़े रहे।
जानकारी के अभाव और तीर्थ यात्रा की उत्सुकता में हजारों लोग सोनप्रयाग पहुंचे और बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ने का प्रयास किया। स्थिति बेकाबू होने पर पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा, जिससे भीड़ तितर-बितर हो गई। इस दौरान कुछ लोगों के घायल होने की खबर है, हालांकि किसी गंभीर चोट की पुष्टि नहीं हुई।
पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रह्लाद कोंडे ने बताया कि केदारघाटी में लगातार बारिश और कोहरे के कारण मार्ग पर दिक्कतें आ रही हैं। यात्रियों की सुरक्षा के लिए जगह-जगह रोका जा रहा है, बावजूद इसके कुछ लोग स्थानीय परिवहन से चोरी-छिपे सोनप्रयाग तक पहुंच रहे हैं।
घटना पर कांग्रेस ने सरकार को घेरा। पार्टी प्रवक्ता ने कहा कि हरिद्वार और ऋषिकेश में यात्रियों को नहीं रोका जा रहा, लेकिन सोनप्रयाग पहुंचने पर लाठीचार्ज किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार को व्यवस्थाएं दुरुस्त कर पहले ही श्रद्धालुओं को रोकना चाहिए था।
फिलहाल जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रा पर रोक 14 अगस्त तक जारी रहेगी और श्रद्धालुओं से अपील की है कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यात्रा स्थगित होने के दौरान सोनप्रयाग की ओर रुख न करें।



