Breaking Newsउत्तराखंड
Trending

दर्दनाक हादसा : खाई में गिरी कार, 150 मीटर नीचे मिला एसबीआई शाखा प्रबंधक का शव

पाबौ से पौड़ी लौट रहे थे संजीव किलानिया, मांडाखाल के पास हुआ हादसा, मौके पर ही तोड़ा दम

पौड़ी। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में बुआखाल-रामनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मांडाखाल के पास शनिवार रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के पाबौ शाखा प्रबंधक संजीव किलानिया की कार अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक, संजीव किलानिया शनिवार रात करीब नौ बजे पाबौ स्थित एसबीआई शाखा में ड्यूटी पूरी करने के बाद कार से पौड़ी मुख्यालय के लिए निकले थे। मांडाखाल के पास पहुंचते ही उनकी कार अचानक अनियंत्रित हुई और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी।

देर रात घर नहीं पहुंचे तो शुरू हुई तलाश

रात काफी देर तक संजीव के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने उनकी तलाश शुरू करने के साथ पुलिस को भी सूचना दी। बताया गया कि संजीव रात करीब नौ बजे कार्यालय से पौड़ी के लिए रवाना हुए थे, लेकिन इसके बाद उनसे संपर्क नहीं हो पाया।

सूचना मिलते ही कोतवाली पौड़ी पुलिस, फायर यूनिट पौड़ी और पाबौ पुलिस की टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग के आसपास तलाश अभियान शुरू किया।

150 मीटर नीचे मिला शव

तलाशी के दौरान मांडाखाल के समीप हादसे के संकेत मिले। इसके बाद रेस्क्यू टीम खाई में उतरी और करीब 150 मीटर नीचे संजीव किलानिया को बरामद किया। हालांकि, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल पौड़ी भेजा। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

मई 2026 से पाबौ शाखा में थे तैनात

संजीव किलानिया मूल रूप से हरियाणा के हिसार के रहने वाले थे। उनका परिवार वर्तमान में गुरुग्राम में रहता था। वह मई 2026 से एसबीआई की पाबौ शाखा में शाखा प्रबंधक के पद पर कार्यरत थे और पौड़ी में पत्नी व बेटे के साथ रह रहे थे।

संजीव किलानिया की अचानक मौत की खबर से बैंक कर्मचारियों, परिचितों और परिजनों में शोक की लहर है। एसबीआई पौड़ी के मुख्य शाखा प्रबंधक तरुण जोशी ने भी उनके निधन पर गहरा दुख जताया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button