प्रेमनगर की जागृति की गुरुग्राम में मौत, मॉल की पांचवीं मंजिल से कूदी

देहरादून के प्रेमनगर निवासी जागृति बारी सिंघल ने गुरुग्राम के वर्ल्ड मार्क मॉल में लगाई छलांग, पति समेत अन्य पर केस दर्ज
देहरादून (उत्तराखंड) के प्रेमनगर क्षेत्र निवासी 32 वर्षीय जागृति बारी सिंघल की गुरुग्राम में दर्दनाक मौत हो गई। आदित्य बिरला कंपनी में सीनियर अकाउंट एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत जागृति ने सेक्टर-65 स्थित वर्ल्ड मार्क मॉल की पांचवीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। घटना के बाद मॉल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर मानसिक प्रताड़ना और मारपीट के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने पति अमित सिंघल समेत अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुरुग्राम के सेक्टर-65 स्थित वर्ल्ड मार्क मॉल में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला ने पांचवीं मंजिल से छलांग लगा दी। गंभीर हालत में महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र निवासी 32 वर्षीय जागृति बारी सिंघल के रूप में हुई है।
जागृति बारी सिंघल आदित्य बिरला कंपनी में सीनियर अकाउंट एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत थीं। बताया जा रहा है कि वह नौकरी के सिलसिले में गुरुग्राम आती-जाती थीं। जागृति की शादी 22 नवंबर 2023 को मेरठ के सराफा बाजार निवासी अमित सिंघल के साथ हुई थी।
परिजनों के अनुसार, जागृति और अमित की मुलाकात एक कॉमन फ्रेंड के जरिए हुई थी। दोनों अलग-अलग जाति से थे, लेकिन दोनों परिवारों की सहमति के बाद उनका विवाह हुआ था। शादी के बाद से ही जागृति मानसिक तनाव में रहती थी। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर मानसिक प्रताड़ना और मारपीट के आरोप लगाए हैं।
सेक्टर-65 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रामवीर ने बताया कि मामले में फिलहाल मृतका के पति अमित सिंघल समेत अन्य के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।




