Breaking Newsदेशव्यापार
Trending

पेट्रोल-डीजल हुआ महंगा, चेक करें प्रति लीटर कितने बढ़े दाम

तेल कंपनियों का बड़ा फैसला, पेट्रोल-डीजल कीमतों में बढ़ोतरी से बाजार पर असर तय

अमेरिका-ईरान तनाव के बीच क्रूड ऑयल सप्लाई प्रभावित, शुक्रवार से लागू हुई नई कीमतें

आम आदमी को महंगाई का एक और बड़ा झटका लगा है। सरकारी तेल कंपनियों ने शुक्रवार से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में करीब 3 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी कर दी है। ईंधन के दाम बढ़ते ही अब रोजमर्रा की जरूरत की चीजों से लेकर परिवहन तक सबकुछ महंगा होने की आशंका बढ़ गई है। पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव और युद्ध का असर अब सीधे भारतीय बाजार और उपभोक्ताओं की जेब पर दिखाई देने लगा है।

राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 3.14 रुपये महंगा होकर 97.77 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है, जबकि डीजल के दाम 3.11 रुपये बढ़कर 90.67 रुपये प्रति लीटर हो गए हैं। नई कीमतें शुक्रवार 15 मई 2026 से लागू कर दी गई हैं। अलग-अलग राज्यों में वैट और टैक्स के हिसाब से कीमतों में थोड़ा अंतर रहेगा।

दरअसल, फरवरी के अंत से शुरू हुए अमेरिका-ईरान संघर्ष के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और गैस की सप्लाई लगातार प्रभावित रही है। क्रूड ऑयल की कीमतों में तेजी आने से सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों पर भारी आर्थिक दबाव बढ़ गया था। इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम जैसी कंपनियों को लंबे समय से नुकसान झेलना पड़ रहा था, जिसके बाद कंपनियों ने ईंधन के दाम बढ़ाने का फैसला लिया।

केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी पहले ही कह चुके हैं कि तेल कंपनियों को रोजाना भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि युद्धविराम के बावजूद पश्चिम एशिया में तेल और गैस उत्पादन से जुड़े कई बड़े ढांचे क्षतिग्रस्त हुए हैं, जिससे सप्लाई सामान्य होने में लंबा समय लग सकता है।

ईंधन की कीमतों में हुई इस बढ़ोतरी का असर आने वाले दिनों में माल ढुलाई, बस-टैक्सी किराया और खाने-पीने की चीजों की कीमतों पर भी पड़ सकता है। ऐसे में महंगाई का दबाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button