“‘एक पहाड़ी ऐसा भी’ अवार्ड्स: गुमनाम चेहरों को मिला सम्मान और पहचान”
देहरादून में रेड एफएम मंच पर चमकी पहाड़ की प्रतिभा”

राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कहा—संघर्ष से सफलता की कहानी लिखने वाले ही समाज के असली प्रेरणास्रोत
देहरादून। नंदा की चौकी में आयोजित 93.5 रेड एफएम के “एक पहाड़ी ऐसा भी” अवार्ड्स कार्यक्रम में उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले गुमनाम नायकों को सम्मानित किया।
इस दौरान राज्यपाल ने समाज, संस्कृति, पर्यावरण, शिक्षा और उद्यमिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित करते हुए कहा कि ये लोग समाज के वास्तविक नायक हैं, जो अपने कार्यों से दूसरों को प्रेरित करते हैं।
सम्मानित होने वालों में बागेश्वर की मोहिनी कोरंगा, टिहरी के विजय जरदारी, पिथौरागढ़ के मनीष कसनियाल, उत्तरकाशी के कृष्ण कुडियाल, ऊधमसिंह नगर के जगदीश पंत, चमोली के मुकेश सती, चंपावत की रीता गहतोड़ी, देहरादून के नरेश सिंह नयाल, नैनीताल के जीवन चन्द्र जोशी, हरिद्वार के प्रदीप नेगी और अल्मोड़ा के कैलाशानंद शामिल रहे।
अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि समाज में ऐसे कई लोग हैं, जिनकी संघर्ष और सफलता की कहानियां प्रेरणा का स्रोत बनती हैं। इस मंच के माध्यम से न केवल उन्हें सम्मान दिया गया है, बल्कि समाज के सामने एक आदर्श के रूप में प्रस्तुत किया गया है।
उन्होंने कहा कि सभी सम्मानित प्रतिभागियों ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने संकल्प, साहस और परिश्रम से सफलता हासिल की है। उनकी जीवन यात्रा यह संदेश देती है कि निरंतर प्रयास और अवसरों का सही उपयोग ही सफलता की कुंजी है।
राज्यपाल ने यह भी कहा कि समाज में सकारात्मक ऊर्जा की कोई कमी नहीं है, लेकिन कई बार आत्म-संदेह लोगों को आगे बढ़ने से रोकता है। ऐसे मंच लोगों में आत्मविश्वास जगाने और आगे बढ़ने की प्रेरणा देने का काम करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में उन्होंने रेड एफएम टीम की सराहना करते हुए कहा कि समाज के इन नायकों को पहचान दिलाना एक सराहनीय पहल है। कार्यक्रम में स्टेशन हेड रजत शक्ति सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।



