देहरादून। वन अनुसंधान संस्थान (FRI) में पर्यटकों का प्रवेश अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। शनिवार–रविवार को यहाँ आने वाले लोग सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना अधिक होते हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव के कारण फिलहाल आम पर्यटकों को परिसर में प्रवेश नहीं दिया जा रहा है।
कुल सचिव विकास राणा ने आदेश जारी किया है, जिसमें कहा गया है कि सिर्फ पूर्व अनुमति प्राप्त शैक्षणिक भ्रमण के लिए ही संस्थान में प्रवेश संभव होगा। राणा के अनुसार यह कदम सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव के तहत उठाया गया है।
संस्थान में प्रतिदिन करीब 500-700 लोग आते हैं और सप्ताहांत पर संख्या और बढ़ जाती है। हालांकि आदेश में किसी विशेष घटना का जिक्र नहीं है, लेकिन चर्चाएँ हैं कि हाल ही में सुरक्षा कर्मचारियों में बदलाव से यह कदम जुड़ा हो सकता है।




