फैमिली कोर्ट में महिला ने बिल्डिंग से लगाई छलांग, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

देहरादून। फैमिली कोर्ट परिसर में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला ने कोर्ट की इमारत से नीचे छलांग लगा दी। अचानक हुई इस घटना से परिसर में मौजूद लोगों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।
महिला की पहचान मीनाक्षी के रूप में बताई जा रही है। इमारत से गिरने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के तुरंत बाद उसे उपचार के लिए दून अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
बताया जा रहा है कि महिला का पारिवारिक विवाद से जुड़ा मामला फैमिली कोर्ट में विचाराधीन है। दहेज उत्पीड़न से संबंधित प्रकरण की सुनवाई के लिए भी उसके कोर्ट पहुंचने की जानकारी सामने आई है। इसी दौरान उसने यह कदम उठाया।
घटना की सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। फिलहाल महिला ने किन परिस्थितियों में इमारत से छलांग लगाई, इसकी स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। महिला के बयान और जांच में सामने आने वाले अन्य तथ्यों के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद कोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।



