Breaking Newsअपराधउत्तराखंड
Trending

हत्या की धमकी देकर प्रधानाचार्य समेत परिवार को बनाया बंधक, तीन बदमाश लूट ले गए सोना-चांदी

खुद को केयरटेकर बताकर प्रधानाचार्य ने बचाई जान, पत्नी-बेटे समेत बांधे हाथ-पैर; सोने-चांदी के जेवर लूटकर फरार

देहरादून में बुधवार तड़के करीब पांच बजे तीन बदमाश एक घर में घुस गए। बदमाशों ने अंदर मौजूद लोगों को धमकाते हुए प्रधानाचार्य के बारे में पूछा और उनकी हत्या करने की बात कही। जान का खतरा भांपकर प्रधानाचार्य ने खुद को स्कूल का केयरटेकर बताया, लेकिन बदमाशों ने उन्हें और उनके परिवार को बंधक बना लिया। तीनों के हाथ-पैर बांधने के बाद बदमाश घर में रखे सोने-चांदी के जेवर लूटकर फरार हो गए।

वारदात विकासनगर क्षेत्र के बरोटीवाला स्थित ग्रेट वैल्यू स्कूल परिसर में हुई। स्कूल परिसर के भीतर ही स्कूल मालिक एवं प्रधानाचार्य गोपाल राठौर का आवास है। बताया जा रहा है कि तड़के करीब पांच बजे तीन बदमाश गेट पर पहुंचे और गोपाल राठौर के बारे में पूछताछ करते हुए अंदर दाखिल हो गए। इसके बाद उन्होंने गोपाल राठौर को निशाना बनाया और उनके साथ मारपीट की।

स्थिति बिगड़ती देख गोपाल राठौर ने बदमाशों से खुद को स्कूल का केयरटेकर बताया। इसके बाद बदमाशों ने गोपाल राठौर, उनकी पत्नी नीलम राठौर और उनके पुत्र को बंधक बना लिया। तीनों के हाथ-पैर बांध दिए गए। बदमाशों ने घर की तलाशी लेने के बाद सोने-चांदी के जेवरात कब्जे में लिए और मौके से फरार हो गए। मारपीट में गोपाल राठौर के घायल होने की बात सामने आई है।

वारदात की सूचना मिलने के बाद कोतवाली विकासनगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के क्षेत्र में जानकारी जुटानी शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अब बदमाशों की पहचान करने के साथ ही उनके आने-जाने के रास्ते और फरार होने के तरीके की जानकारी जुटा रही है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button