
अमर उजाला के वरिष्ठ पत्रकार का निधन
राकेश खंडूरी के निधन से पत्रकारिता जगत शोकाकुल
देहरादून। अमर उजाला के राज्य ब्यूरो प्रमुख राकेश खण्डूड़ी का इलाज के दौरान निधन हो गया। वे अमर उजाला की देहरादून यूनिट में कार्यरत थे और बीते कुछ समय से हृदय रोग से जूझ रहे थे। एम्स ऋषिकेश में उनका उपचार चल रहा था, जहां बुधवार को उनका ऑपरेशन हुआ। ऑपरेशन के बाद उनकी स्थिति लगातार बिगड़ती गई और देर रात उन्होंने अंतिम सांस ली।
वरिष्ठ पत्रकार राकेश खण्डूड़ी करीब 20 वर्षों से अमर उजाला की देहरादून यूनिट में सेवाएं दे रहे थे। इससे पहले उन्होंने हिमाचल प्रदेश में भी अमर उजाला के साथ कार्य किया था। लंबे समय से वे देहरादून में सक्रिय पत्रकारिता कर रहे थे और हर मौसम की परवाह किए बिना प्रतिदिन डोईवाला से देहरादून आकर अपने दायित्वों का निर्वहन करते थे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, डीजी बंशीधर तिवारी सहित अनेक पत्रकार, राजनीतिक और सामाजिक संगठनों ने उनके निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। उनके निधन से उत्तराखंड के मीडिया जगत को अपूरणीय क्षति हुई है।




