Breaking Newsउत्तराखंड
Trending

चारधाम यात्रा दो दिन के लिए स्थगित, ऑरेंज अलर्ट के बीच बड़ा फैसला

बारिश और भूस्खलन का खतरा, यात्रियों से सतर्क रहने की अपील

ऑरेंज अलर्ट और भूस्खलन के खतरे को देखते हुए लिया गया फैसला, मौसम सुधरने के बाद होगी यात्रा पर समीक्षा

देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन के साथ चारधाम यात्रा को भी प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग की ओर से 28 और 29 जुलाई के लिए कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने और भूस्खलन की आशंका के बीच प्रशासन ने एहतियातन चारधाम यात्रा को अगले दो दिनों के लिए रोक दिया है।

प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में लगातार बारिश के कारण कई सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। चारधाम यात्रा मार्ग पर भी कई स्थानों पर मलबा और भूस्खलन आने से आवाजाही प्रभावित हुई है। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए गढ़वाल मंडल प्रशासन ने यात्रा को अस्थायी रूप से स्थगित करने का निर्णय लिया है।

मौसम विज्ञान केंद्र ने चेतावनी दी है कि अगले दो दिनों तक कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही कुछ क्षेत्रों में फ्लैश फ्लड की आशंका भी जताई गई है। आईएमडी के राष्ट्रीय फ्लैश फ्लड गाइडेंस बुलेटिन के अनुसार अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, चम्पावत, देहरादून, पौड़ी, टिहरी, नैनीताल, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग एवं उत्तरकाशी जनपदों के कुछ जलग्रहण क्षेत्रों में अगले 24 घंटों के दौरान मध्यम फ्लैश फ्लड (अचानक बाढ़) का जोखिम बना हुआ है। लगातार बारिश के चलते छोटे नदी-नालों में जलस्तर बढ़ने, निचले क्षेत्रों में जलभराव तथा संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका भी जताई गई है। प्रशासन ने लोगों और यात्रियों से अनावश्यक यात्रा से बचने तथा मौसम और प्रशासन की ओर से जारी सलाह का पालन करने की अपील की है।

अधिकारियों के अनुसार, मौसम की स्थिति सामान्य होने और यात्रा मार्ग सुरक्षित पाए जाने के बाद चारधाम यात्रा दोबारा शुरू करने पर निर्णय लिया जाएगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button