
मुख्यमंत्री धामी ने किया सामाजिक विज्ञान संस्थानों के 24वें अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का शुभारंभ
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को दून विश्वविद्यालय में इंडियन एसोसिएशन ऑफ सोशल साइंस इंस्टीट्यूशंस (IASSI) के 24वें अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि सम्मेलन के विभिन्न सत्रों में सामाजिक कल्याण, अर्थशास्त्र, रोजगार, उद्योग, कृषि, तकनीकी, पर्यावरण और नगरीकरण जैसे विषयों पर देश-विदेश के विद्वान मंथन करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जन-धन, उज्ज्वला, प्रधानमंत्री आवास और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों को लाभान्वित किया है।
धामी ने बताया कि सौर मिशन, ग्रीन हाइड्रोजन मिशन, स्वच्छ भारत और नमामि गंगे जैसे अभियान पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। राज्य सरकार ने वृद्धावस्था पेंशन में वृद्धि, पति-पत्नी दोनों को पेंशन और मासिक भुगतान जैसी पहलें लागू की हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार वर्ष 2030 तक सतत विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इकोनॉमी व इकोलॉजी के संतुलन हेतु त्रि-स्तंभीय और नौ-सूत्रीय नीति पर कार्य कर रही है।
इस अवसर पर नीति आयोग के सदस्य प्रो. रमेश चंद, दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल, नालंदा विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सचिन चतुर्वेदी सहित अनेक विषय विशेषज्ञ उपस्थित रहे।



