मातृशक्ति बना रही आत्मनिर्भर उत्तराखंड : धामी – NNSP
महिला समूहों के रक्षाबंधन स्टॉलों का किया अवलोकन

मुख्यमंत्री ने किया “सशक्त बहना उत्सव योजना” का शुभारंभ
राज्य के सभी 95 विकासखंडों में हुआ योजना का वृहद शुभारंभ, सीएम ने स्वयं सहायता समूहों की सराहना की
देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सचिवालय परिसर में “मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना” का राज्य स्तरीय शुभारंभ किया। इस योजना का शुभारंभ एक साथ प्रदेश के सभी 95 विकासखंडों में वर्चुअल माध्यम से किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने रक्षाबंधन पर्व को ध्यान में रखते हुए महिला स्वयं सहायता समूहों (SHGs) द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन भी किया और उनके उत्पादों की सराहना की।
इस विशेष अवसर पर विभिन्न स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने मुख्यमंत्री को राखी बांधकर रक्षाबंधन की परंपरा निभाई। मुख्यमंत्री ने भी सभी बहनों को रक्षाबंधन की अग्रिम शुभकामनाएं दीं और उनके कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें उत्साह से भर दिया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा,
“राज्य की महिलाओं ने यह साबित कर दिया है कि अवसर, संसाधन और सहयोग मिलने पर वे न केवल स्वयं को सशक्त बना सकती हैं, बल्कि पूरे समाज और प्रदेश के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।”
मुख्यमंत्री ने बताया कि आज प्रदेश की 1 लाख 63 हजार से अधिक बहनें ‘लखपति दीदी’ बनकर महिला सशक्तिकरण का नया अध्याय लिख रही हैं। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं ने आत्मनिर्भरता की मजबूत मिसाल पेश की है, जो उत्तराखंड की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने में सक्षम है।
धामी ने जानकारी दी कि राज्य सरकार महिला उत्पादों की प्रोसेसिंग, पैकेजिंग और विपणन (मार्केटिंग) को एक व्यवस्थित इकोसिस्टम से जोड़ रही है। इसके अंतर्गत 49 ग्रोथ सेंटरों की स्थापना की गई है, जहां स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने की ठोस व्यवस्था की गई है।
कार्यक्रम में मौजूद महिला समूहों ने भी मुख्यमंत्री के प्रोत्साहन से अभिभूत होते हुए कहा कि राज्य सरकार की यह पहल उन्हें आगे बढ़ने और अपने उत्पादों को देश-दुनिया तक पहुंचाने में नई ऊर्जा प्रदान कर रही है।