Breaking Newsउत्तराखंड

आज चुने जाएंगे जिला और क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष

सुबह दस से तीन बजे तक होगा मतदान, नतीजे भी आज ही होंगे घोषित

ऊधमसिंह नगर में हाइकोर्ट की रोक के चलते नहीं होगा नतीजा घोषित 

देहरादून, 14 अगस्त : प्रदेश की 12 जिला पंचायतों और 89 क्षेत्र पंचायतों के सरताज आज चुने जाएंगे। गुरुवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख पद के लिए मतदान होगा। मतदान खत्म होते ही मतगणना शुरू हो जाएगी और शाम तक नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे। इस बार छह जिलों—देहरादून, पौड़ी, चमोली,बागेश्वर, नैनीताल, अल्मोड़ा और रुद्रप्रयाग—में जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव होना है, जबकि टिहरी, ऊधमसिंह नगर, चंपावत, पिथौरागढ़ और उत्तरकाशी में उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। ऊधमसिंह नगर में हाईकोर्ट के आदेश के चलते फिलहाल परिणाम घोषित नहीं किया जाएगा।

देहरादून में भाजपा समर्थित मधु चौहान और कांग्रेस समर्थित सुखविंदर कौर के बीच मुकाबला होगा। पौड़ी में भाजपा की रचना बुटोला का सामना कांग्रेस की दीपिका इष्टवाल से है। बागेश्वर में भाजपा समर्थित शोभा आर्या और कांग्रेस की सरोज आर्या आमने-सामने हैं। नैनीताल में भाजपा की दीपा दर्म्वाल और कांग्रेस समर्थित पुष्पा नेगी के बीच टक्कर होगी। अल्मोड़ा में भाजपा की हेमा गैड़ा, कांग्रेस की सुनीता कुंजवाल और उक्रांद समर्थित सरस्वती देवी मैदान में हैं। रुद्रप्रयाग में भाजपा समर्थित पूनम कठैत और कांग्रेस की प्रीति पुष्पवान में सीधी लड़ाई होगी।

निर्विरोध निर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्षों में टिहरी से इशिता सजवाण, ऊधमसिंह नगर से अजय मौर्य, चंपावत से आनंद सिंह अधिकारी, पिथौरागढ़ से जितेंद्र प्रसाद और उत्तरकाशी से रमेश चौहान शामिल हैं।

राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। बुधवार को राज्य निर्वाचन आयुक्त ने सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर मतदान केंद्रों, सुरक्षा व्यवस्था और मतगणना स्थलों की तैयारी की समीक्षा की। मतदान केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है और मतगणना स्थल पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की व्यवस्था की गई है। आयोग ने निर्देश दिया है कि मतदान शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और समय पर संपन्न हो। जिला पंचायत अध्यक्षों के साथ ही आज प्रदेश के 89 ब्लॉकों में भी ब्लॉक प्रमुख चुने जाएंगे।

Related Articles

Back to top button